जीवन आस्था में जताई लोगों ने आस्था

Published by
बीएस संवाददाता
Last Updated- December 09, 2022 | 3:29 PM IST

देश की सबसे बड़ी जीवन बीमा कंपनी भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी) अपनी नई योजना-जीवन आस्था- के जरिए 25,000 करोड़ रुपये जुटाने को लेकर पूरी गंभीरता के साथ आगे कदम बढा रही है।


जीवन आस्था सिंगल- प्रीमियम पालिसी है जिसमें कम से कम 9 फीसदी रिटर्न की गारंटी दी जा रही है। इस पालिसी में प्रीमियम एक ही बार दिया जाना है। एलआईसी ने अपनी पॉलिसियों की बिक्री में आ रही गिरावट को रोकने के मकसद से इस पालिसी की शुरुआत की है।

एलआईसी के सूत्रों के अनुसार इस योजना को शुरू करने के 15 दिनों के भीतर ही इस सरकारी बीमा कंपनी को 3,500 करोड रुपये से ज्यादा के प्रस्ताव मिले हैं जबकि प्रीमियम के रूप में 750 करोड रुपये की प्राप्ति हुई है।

उल्लेखनीय है कि कंपनी ने एक लंबे अरसे बाद इस क्लोज एंडेड योजना की शुरुआत इस महीने की 8 तारीख को की है। यह योजना 22 जनवरी 2009 को बंद हो रही है।

कंपनी ने अपने सेलिंग एजेंटों को यह सुनिश्चित करने को कहा है कि 31 दिसंबर से पहले सारे प्रस्ताव मिल जाएं ताकि इसमें 15 लाख रुपये से ज्यादा निवेश करनेवालों ग्राहकों के स्वास्थ्य की जांच को योजना बंद होने की तिथि से पहले ही पूरा कर लिया जाए।

सूत्रों का यह भी कहना है कि कुछ क्षेत्रीय प्रबंधक इस योजना में ज्यादा से ज्यादा लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए शर्तो में कुछ ढील देने पर भी विचार कर रहे हैं। एलाआईसी अपने एजेंटों को 2 फीसदी के कमीशन के अलावा कुछ अन्य सुविधाएं भी प्रदान कर रही है जिससे कि ये एजेंट पूरे उत्साह के साथ काम करें।

जीवन आस्था योजना के अभी तक के प्रदर्शन की बाबत एलआईसी के प्रबंध निदेशक थॉमस मैथ्यू टी ने कहा कि हमारी इस नई योजना के प्रति लोगों ने काफी रूचि दिखाई दी है और हमने इस महीने की 24 तारीख तक 750 करोड़ रुपये जुटा लिए हैं। 

गौरतलब है कि इस साल अप्रैल से अक्टूबर के बीच एलआईसी को नई पॉलिसियों की बिक्री से मिलनेवाला प्रीमियम 18 फीसदी की गिरावट के साथ 21,874.21 करोड़ रुपये रह गया। परिणामस्वरूप जीवन बीमा उद्योग की विकास दर भी घटकर 2.7 फीसदी के  स्तर पर पहुंच गई।

एलआईसी के प्रतिद्वंद्वी और वित्तीय सेवा प्रदाता कंपनियों का कहना है कि जीवन आस्था से न सिर्फ एलआईसी को संसाधन जुटाने में मदद मिल रही है बल्कि इसका असर इस उद्योग पर भी हो रहा है। ऐसे समय में जबकि रिटर्न की गारंटी वाली योजना अपने आप में मायने रखती हैं।

First Published : December 29, 2008 | 9:06 PM IST