निजी इक्विटी फर्म टीपीजी कृत्रिम बुद्धिमता और एनालिटिक सेवा प्रदाता फ्रैक्टल में टीपीजी कैपिटल एशिया के जरिये $36 करोड़ डॉलर (करीब 2,700 करोड़ रुपये) का निवेश कर रही है। इस लेनदेन में प्राथमिक निवेश और द्वितीयक शेयर खरीद का संयोजन शामिल है। यह लेनदेन वर्ष 2022 की पहली तिमाही तक पूरा होने की उम्मीद है।
हालांकि कंपनी ने वित्त जुटाने के बाद मूल्यांकन का खुलासा नहीं किया, लेकिन वरिष्ठ प्रबंधन ने कहा कि कंपनी एक अरब डॉलर के मूल्यांकन स्तर से काफी ऊपर है। पीई कंपनी एपैक्स वित्त पोषण से आंशिक रूप से बाहर निकल रही है। कंपनी ने यह खुलासा नहीं किया कि निवेश के इस दौर में एपैक्स के निकलने से कितना असर पड़ा है। एपैक्स ने वर्ष 2019 में फ्रैक्टल में $20 करोड़ डॉलर का निवेश किया था। तब कंपनी का मूल्यांकन $50 करोड़ डॉलर से अधिक था।
कंपनी के सह-संस्थापक और मुख्य कार्याधिकारी श्रीकांत वेलमकन्नी ने कहा कि इस धन का उपयोग अधिग्रहण के साथ-साथ और अधिक उत्पाद निर्माण के लिए इसकी आरऐंडडी क्षमताओं को व्यापक करने के लिए किया जाएगा। उन्होंने कहा कि हम अपने पूंजी भंडार का विस्तार कर रहे हैं और विलय एवं अधिग्रहण तथा फ्रैक्टल के भीतर नए उत्पादों के विकास, दोनों में ही खासा निवेश कर रहे हैं। हमने अपने राजस्व का 15 से 20 प्रतिशत भाग नए विचारों और उत्पादों के निर्माण पर निवेश किया है। वर्ष 2021 में कंपनी ने पांच कंपनियों का अधिग्रहण किया था।