‘ऑफिसर्स च्वाइस’ लेगा नया रूप

Published by
बीएस संवाददाता
Last Updated- December 10, 2022 | 6:54 PM IST

मंदी के इस दौर में भी कुछ कंपनियां जबरदस्त प्रदर्शन कर रही हैं। किशोर छाबड़िया की अलॉयड बेल्डर्स ऐंड डिस्टीलर्स (एबीडी) भी उन्हीं में से एक है।
कंपनी आज कल अपनी रिब्रांडिंग कर रही है, जिसके लिए वह 30 करोड़ रुपये खर्च कर रही है। इसके तहत कंपनी अपनी पूरी की पूरी कॉर्पोरेट छवि बदलने जा रही है। इसके लिए कंपनी अपना लोगो बदल रही है।
साथ ही, कंपनी अपने 20 साल पुराने व्हिस्की ब्रांड, ‘ऑफिसर्स च्वाइस’ के लिए एक नए पैकेजिंग चेन को भी लाने वाली है। ‘ऑफिसर्स च्वाइस’ देश के दूसरी सबसे बड़ी इंडियन मेड फॉरेन लीकर (आईएमएफएल) ब्रांड व्हिस्की है।
एबीडी के कार्यकारी अध्यक्ष और सीईओ दीपक रॉय ने बताया कि, ‘हम इस वित्त वर्ष के अंत तक 850 करोड़ रुपये की कमाई कर लेंगे। यह पिछले वित्त वर्ष के मुकाबले 42 फीसदी ज्यादा है। पिछले साल में भी हमारी कमाई में 29 फीसदी का इजाफा हुआ था।’ रॉय पिछले साल ही कंपनी के शेयरों को खरीदकर उसके प्रबंधन में शामिल हुए थे।
रॉय ने इस जबरदस्त प्रदर्शन का सेहरा अपनी नई टीम के सिर बांधा, जिसे उन्होंने पिछले साल ही कंपनी को चलाने की जिम्मेदारी सौंपी थी। कंपनी ने एक नए सीएफओ (मुख्य वित्तीय अधिकारी) दीपक देसाई को भी नियुक्त किया है। देसाई इस उद्योग में एक जाने-माने नाम हैं। इससे पहले वह 30 सालों तक यूनाइटेड स्प्रिट्स में काम कर चुके थे।
साथ ही, कंपनी में रूपक चतुर्वेदी भी बतौर निदेशक (सेल्स ऐंड मार्केटिंग) शामिल हुए हैं। चतुर्वेदी एफएमसीजी सेक्टर में पिछले 13 सालों से काम कर रहे हैं। इससे पहले वह पेप्सीको में काम रहे थे। कंपनी रेस्तरां और क्लब्स तक भी अपनी पहुंच बढ़ाने की जीतोड़ कोशिश कर रही है।
रॉय ने बताया कि, ‘प्रबंधन में इन लोगों को लाने से हमारी अच्छी लोगों तक पहुंच बढ़ गई। इससे इन्हें अपने साथ लेने में हमें काफी आसानी होगी।’ रॉय खुद भी इस क्षेत्र के जाने-माने खिलाड़ी है। उनके पास इस सेक्टर में काम करने पूरे 30 साल का अनुभव है। इससे पहले उन्होंने यूनाइटेड स्प्रिट्स ग्रुप में 10 सालों तक काम किया था।
साथ ही, वे डियाजियो इंडिया के संस्थापक मुख्य कार्यकारी भी थे। सिमरनऑफ वोदका और जॉनी वॉकर व्हिस्की के ब्रांड इसकी कंपनी के हैं। कंपनी अब अपने-आप को एक पेशेवर कंपनी के तौर पर पेश करने की जबरदस्त कोशिशें कर रही है। इसके लिए वह अब अपनी बिक्री के आगे सोच रही है।
साथ ही, कंपनी की योजना अगले वित्त वर्ष में आईपीओ लाने की भी है। रॉय का कहना है कि, ‘हमारा नया कॉर्पोरेट लोगो आसमान की ऊंचाइयों को छूने की हमारी हसरतों को दिखाएगा।’ कॉर्पोरेट छवि के साथ कंपनी अब ‘ऑफिसर्स च्वाइस’ व्हिस्की की इमेज को भी बदल रही है। उम्मीद है कि इस ब्रांड की बिक्री इस वित्त वर्ष के अंत तक बढ़कर 95 लाख केस हो जाएगी।
साथ ही, कंपनी की कुल कमाई में इसका हिस्सा भी बढ़कर 85 फीसदी हो जाएगा। रूपक चतुर्वेदी का कहना है कि,’इसकी छवि अब पुरानी होती जा रही है। हमें इसे मजबूती से जोड़ने वाले बीते कल के विज्ञापन से अब आगे बढ़ना है।’
कंपनी अब इसके लिए नए विज्ञापनों को बना चुकी है। इसमें इसे सेना के ऐेसे अधिकारियों से जोड़ा गया है, जो हमेशा सही फैसला करते हैं। इन विज्ञापनों को पश्चिम बंगाल, असम, पंजाब और हरियाणा में जारी भी किया जा चुका है। चतुर्वेदी का कहना है कि,’हमने रीब्रांडिंग की इस योजना पर 30 करोड़ रुपये खर्च करने की योजना बनाई है।’

First Published : March 4, 2009 | 7:47 PM IST