अब हुंडई की सवारी होगी महंगी

Published by
बीएस संवाददाता
Last Updated- December 10, 2022 | 12:55 AM IST

कार निर्माता कंपनी हुंडई कुछ मॉडलों की कीमत पर 2.5 से 3 फीसदी का इजाफा करेगी। कंपनी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष (मार्केटिंग और सेल्स) अरविंद सक्सेना ने बताया कि यह 13 फरवरी से प्रभावी होगा।
उन्होंने कहा, ‘मौजूदा आर्थिक मंदी के हालात की वजह से कच्चे माल की कीमतें बढ़ गई। इसलिए कीमतों में इजाफा करना पड़ रहा है।’ गुरुवार को हुंडई ने हैदराबाद में नई वेरना ऑटोमेटिक लॉन्च की है।
कंपनी ने यहां एक क्षेत्रीय कार्यालय का गठन भी किया है, ताकि आंध्र प्रदेश और उत्तरी कर्नाटक के बढ़ रहे बाजारों का फायदा उठाया जा सके। आंध्र प्रदेश में कंपनी के 13 डीलर हैं और राज्य के 24 फीसदी बाजार पर कंपनी काबिज है।
हुंडई इंडिया के प्रबंध निदेशक एच. एस. लीम ने कहा है कि मौजूदा आर्थिक संकट से हमारी कंपनी भी अछूती नहीं है। उन्होंने कहा, ‘हमने चेन्नई की अपनी दो निर्माण इकाइयों में शिफ्ट परिचालन भी बदल दिया है। 

जनवरी 2009 से तीन शिफ्ट के बदले हर दिन दो शिफ्ट में ही काम होता है। उम्मीद है कि बाजार की स्थिति जल्द ही सुधर जाएगी, तो फिर सितंबर से तीन शिफ्ट में परिचालन शुरू कर दिया जाएगा।’
लीम ने बताया, ‘इस साल बाजार की स्थिति अनिश्चित है। पहली तिमाही के बाद ही बिक्री की सही तस्वीर मिल पाएगी। उम्मीद है कि मौजूदा साल में कंपनी 2 लाख 80 हजार वाहनों की बिक्री करेगी।’ 

कंपनी हैदराबाद में नई शोध और विकास निर्माण के लिए 137 करोड़ रुपये का निवेश कर रही है, जिसमें 400 स्टाफों के काम करने की सुविधा होगी।

First Published : February 12, 2009 | 11:50 PM IST