एनबीएचसी मंडियों के बाहर बना सकता है ई-ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म

Published by
बीएस संवाददाता
Last Updated- December 12, 2022 | 9:27 AM IST

तीन कृषि कानूनों के पारित होने के बाद अग्रणी कृषि भंडार सेवा कंपनी नैशनल बल्क हैंडलिंग कॉर्पोरेशन (एनबीएचसी) इस दिशा में अपने पहले कदम के तौर पर मंडियों से बाहर एक इलेक्ट्रॉनिक मार्केट प्लेटफॉर्म शुरू करने पर विचार कर रही है।
यह कदम उसके एनएबीएल से प्रमाणित गुणवत्ता जांच और परख लैब के साथ साथ मौजूदा भंडार ढांचे के लिए पूरक का काम करेगा। इस प्लेटफ ॉर्म का नाम कृषि सेतु रखा जा सकता है। इसे कृषि उत्पादों के लिए एमेजॉन की तर्ज पर बनाया जा सकता है। यह परंपरागत मंडियों से बाहर खरीदार और विक्रेता दोनों के लिए पारदर्शी विकल्प मुहैया कराएगा।
प्लेटफॉर्म को औपचारिक रूप से शुरू करने के लिए कंपनी की योजना जमीनी कार्यों को शीघ्र शुरू करने की है जिसके लिए वह किसान-उत्पादक संगठनों (एफ पीओ) और अन्य समूहों से संपर्क साधेगी। उम्मीद की जा रही है कि जून के अंत तक परियोजना चालू हो सकती है। एनबीएचसी के प्रबंध निदेशक और मुख्य कार्याधिकारी रमेश दोरईस्वामी ने बिजनेस स्टैंडर्ड से कहा, ‘इस तरह के प्लेटफ ॉर्म को शुरू करने की योजना पहले से ही बन रही थी लेकिन निश्चित रूप से इन तीन कानूनों के आने से इसमें तेजी आई है।’नए कृषि कानून विषेश तौर पर व्यापार वाले अधिनियम में मंडियों से बाहर इलेक्ट्रॉनिक ट्रेडिंग प्लेटफ ॉर्म स्थापित करने की अनुमति दी गई है जिसे ट्रेड एरिया कहा जाएगा। इलेक्ट्रॉनिक प्लेटफ ॉर्म पर या इसमें परिचालन करने वाले व्यापारी पर किसी भी राज्य सरकार की ओर से किसी तरह का उपकर या लेवी नहीं लगाया जा सकता है।
अधिनियम में कहा गया है कि ई-प्लेटफ ॉर्म को केंद्र और राज्य सरकारों द्वारा बनाए गए नियमों के मुताबिक परिचालन और पंजीयन कराना होगा।
एनएचबीसी पूरी तरह से निजी इक्विटी की दिग्गज कंपनी ट्रू नॉर्थ की स्वामित्व वाली कंपनी है। फि लहाल यह देश भर में 1,250 वेयरहाउसों का परिचालन करती है जिनकी कुल क्षमता 21 लाख टन से अधिक है। इसके अलावा कंपनी के पास देश भर में 40 गुणवत्ता जांच लैब हैं जिनमें से पांच एनएबीएल और एपीडा जैसे निकायों से मान्यता प्राप्त हैं। बाकी लैबों के लिए प्रमाणन हासिल करने की प्रक्रिया चल रही है।
दोरईस्वामी ने कहा कि एनएचबीसी प्रमाणित प्रयोगशालाओं के नेटवर्क को विस्तारित करने पर भी विचार कर रही है जो विभिन्न कृषि उत्पाद की जांच कर सकेंगे। यह खाद्य प्रसंस्करणकर्ताओं और निर्यातकों की जरूरत का मिलान करेगी।
प्रमाणित लैबों और भंडारण तथा वेयरहाउसों के मौजूदा नेटवर्क के साथ ई-मार्केटप्लेस कंपनी को ग्राहकों को सभी प्रकार की सेवा मुहैया कराने में सक्षम बनाएगा।
दोरईस्वामी ने कहा, ‘मान लीजिए कि ब्रिटानिया अपने उत्पादों के लिए गुणवत्तायुक्त गेहूं चाहती है तो वह इसकी खरीद के लिए हमारे प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल कर सकती है।’

First Published : January 20, 2021 | 11:30 PM IST