10 मॉडल लॉन्च करेगी महिन्द्रा

Published by
बीएस संवाददाता
Last Updated- December 09, 2022 | 10:21 PM IST

मौजूदा आर्थिक मंदी के बावजूद देश की दिग्गज वाहन निर्माता कंपनी महिन्द्रा ऐंड महिन्द्रा अगले दो साल में 10 से ज्यादा गाड़ियों के मॉडल लॉन्च करेगी।


गाड़ियों की लॉन्चिंग केवल पैसेंजर श्रेणी में ही नहीं बल्कि व्यावसायिक श्रेणी (ट्रक और कम ढुलाई क्षमता वाले वाहन) में भी होगी।

अपने विदेशी प्रतिस्पर्द्धियों की तरह महिन्द्रा नेभी कई मॉडलों के लिए सिंगल प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल बढ़ाने का निर्णय लिया है मालूम हो कि किसी वाहन के लिए व्हीकल प्लेटफॉर्म ही वह आधारभूत संरचना होती है ।

जिस पर गाड़ी का निर्माण किया जाता है। इसी से किसी वाहन का आकार, उसकी क्षमता और उसकी बॉडी की संरचना तय होती है। कंपनी के मुताबिक, वह नई स्पोर्ट यूटिलिटी व्हीकल के सिंगल प्लेटफॉर्म पर आधारित 3-4 वाहनों को तेजी से तैयार करेगी।

इसे 2010 में लॉन्च करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके अलावा, हाल ही में लॉन्च किए गए जाइलो के प्लेटफॉर्म पर आधारित 2 से 3 मॉडल पेश किए जाएंगे।

मालूम हो कि जाइलो का निर्माण स्कॉर्पियों के प्लेटफॉर्म पर किया गया है। इसके अलावा, महिन्द्रा एंड महिन्द्रा कम ढुलाई क्षमता के व्यावसायिक वाहनों को भी बाजार में उतारेगी।

ये वाहन 1 से 1.5 टन श्रेणी के लिए प्रतिसपद्र्धा करेगी। महिन्द्रा की यह गाड़ी टाटा की मशहूर मॉडल ‘एस’ से मुकाबला करेगी। कंपनी के मुताबिक, अमेरिकी सहयोगी नेविस्टार इंकॉरपोरशन के साथ उसका 49:51 का संयुक्त उपक्रम संभवत: 2009-10 तक एक ट्रक लॉन्च करेगा।

यह मॉडल कंपनी के अन्य मॉडलों का इस्तेमाल कर सकती है। एमऐंडएम के अध्यक्ष (ऑटोमोटिव सेक्टर) पवन गोयनका ने बताया, ‘हमारी योजना तय कार्यक्रम के मुताबिक ही आगे बढ़ेगा। इसमें कोई फेरबदल नहीं होगा। हमलोग अगले दो साल में कई मॉडल लॉन्च करने जा रहे हैं।  इन दो साल में 10 से ज्यादा मॉडल लॉन्च किए जाने हैं।’

इस बीच टाटा मोटर्स ने कहा है कि वह फिएट ऑटोमोबिल्स के साथ मिलकर हर दो महीने में एक मॉडल लॉन्च करने जा रही है।

First Published : January 18, 2009 | 11:17 PM IST