लेमन ट्री खर्चेगी 12 अरब रु.

Published by
बीएस संवाददाता
Last Updated- December 09, 2022 | 5:52 PM IST

होटल कारोबार से जुड़ी कंपनी लेमन ट्री होटल्स की योजना 2011 तक 1,100 से 1,200 करोड़ रुपये खर्च कर देशभर में नए होटल बनाने की है। कंपनी की योजना 2011 तक 15 प्रमुख भारतीय शहरों में 2,500 कमारों वाले 20 होटलों की है।


बिजनेस स्टैंडर्ड से बातचीत के दौरान कंपनी के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक पटू केशवानी ने कहा कि इन परियोजनाओं के लिए पैसा इक्विटी और बैंक ऋण के जरिये मुहैया कराया जाएगा।

केशवानी का कहना है कि कंपनी को 2006 में 300 करोड़ रुपये की निजी इक्विटी हासिल हुई थी और अप्रैल 2008 में उसे 120 करोड़ रुपये की अतिरिक्त निजी इक्विटी मिली है।

फिलहाल लेमन ट्री होटल देश में 9 परिसंपत्तियों का परिचालन कार्य देखती है और कंपनी की 10 परिसंपत्तियां निर्माणाधीन चरण में हैं। अगले दो से तीन साल में कंपनी भारत के 15 प्रमुख शहरों में मौजूदगी होगी,

जिसमें दक्षिण दिल्ली, पूर्वी दिल्ली, पुणे, गोवा, अल्लपी, इंदौर, औरंगाबाद, मुंबई, बेंगलुरु, हैदराबाद, चेन्नई, जयपुर, चंडीगढ़, शिमला और अहमदाबाद शामिल है।

केशवानी का कहना है कि हमारा ज्यादा ध्यान दक्षिण भारत पर होगा। कंपनी की चेन्नई परियोजना फरवरी 2009 में पूरी हो जाएगी, बेंगलुरु में दो होटलों का कार्य 2009 के अंत और 2010 की पहली छमाही में पूरा हो जाएगा और हैदराबाद में कंपनी का होटल 2010 में खुल जाएगा।

उनका कहना है कि जब ये होटल शुरू हो जाएंगे, तक 2011 तक कंपनी में कर्मचारियों की संख्या मौजूदा समय में 1,200-1,300 से बढ़कर तकरीबन 5,550 हो जाएगी।

First Published : January 5, 2009 | 11:24 PM IST