भारतीयों ने प्रति मिनट 115 बिरयानी और न्यूजीलैंड की आबादी के बराबर समोसे का ऑर्डर दिया। इसमें 11 वर्षों तक स्पेनिश टोमैटिना त्योहार के लिए पर्याप्त टमाटर का उपयोग हुआ। फूड डिलिवरी कंपनी स्विगी की छठी वार्षिक स्टैटईटस्टिक्स रिपोर्ट से यह खुलासा हुआ है। रिपोर्ट में बताया गया है कि साल 2021 में भारतीयों ने क्या ऑर्डर दिया और क्या खाया।
साल 2021 के ऑर्डरों में हाल तक मास्क, सैनिटाइजर और हैंडवॉश बोतल शामिल थे। हालांकि लोगों ने सबसे अधिक ऑर्डर बिरयानी, समोसे और केले आदि के लिए दिए। सॉफ्टबैंक के निवेश वाली कंपनी स्विगी की स्टैटईटस्टिक्स रिपोर्ट स्विगी को फूड डिलिवरी, इंस्टामार्ट पर किराने, पिक अप एवं ड्रॉप सेवा स्विगी जेनी और हेल्थहब के लिए जनवरी से दिसंबर 2021 के दौरान प्राप्त लाखों ऑर्डरों के विश्लेषण पर आधारित है।
दिलचस्प है कि साल के दौरान लोगों का सबसे पसंदीदा स्नैक्स समोसा रहा। स्विगी पर प्रति मिनट करीब 50 लाख समोसे के लिए ऑर्डर दिए गए यानी प्रत्येक न्यूजीलैंडवासी के लिए एक समोसा।
चिकन विंग्स के मुकाबले देसी समोसे के लिए ऑर्डर 6 गुना अधिक रहा। पाव भाजी भारतीयों का दूसरा सबसे पसंदीदा स्नैक्स रहा और प्रति मिनट 21 लाख पाव भाजी के लिए ऑर्डर दिए गए। हालांकि रात्रि के ऑर्डर रुझान में एक बदलाव दिखा। भारत में 10 बजे के बाद लोगों ने चीज-गार्लिक ब्रेड, पॉपकॉर्न और फ्रेंचफ्राईज के लिए सबसे अधिक ऑर्डर दिए।
स्विगी पर कुल 21 लाख ऑर्डरों में गुलाब जामुन सबसे पसंदीदा मिष्ठान्न रहा। जबकि 12.7 लाख ऑर्डरों के साथ रसमलाई दूसरे पायदान पर रही।
साल 2020 में प्रति मिनट 90 बिरयानी के लिए ऑर्डर दिए गए थे जबकि 2021 में भारतीयों ने प्रति मिनट 115 बिरयानी का ऑर्डर दिया यानी 2 बिरयानी प्रति सेकेंड। चिकन बिरयानी का ऑर्डर वेज बिरयानी के मुकाबले 4.3 गुना अधिक रहा।
करीब 4.25 लाख नए उपयोगकर्ताओं ने स्विगी के जरिये चिकन बिरयानी के लिए ऑर्डर दिए। चेन्नई, कोलकाता, लखनऊ और हैदराबाद में चिकन बिरयानी ऑर्डरों की सूची में शीर्ष पर रही।
