हुंडई घटाएगी 29 से अपना उत्पादन

Published by
बीएस संवाददाता
Last Updated- December 09, 2022 | 9:40 AM IST

ऑटोमोबाइल कंपनी हुंडई मोटर्स ने बाजार में मांग की कमी के कारण अपना उत्पादन घटाने की घोषणा की है।


हुंडई के वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि कंपनी 29 दिसंबर से ही 20-25 फीसदी उत्पादन घटाने की योजना बना रही है। अधिकारी ने बताया कि कम बिक्री और ज्यादा उत्पादन के कारण गोदामों में माल इकट्ठा नहीं हो इसीलिए कंपनी ने यह फैसला किया है।

हुंडई मोटर इंडिया लिमिटेड के प्रबंध निदेशक और मुख्य कार्याधिकारी एच एस लीम ने बताया, ‘बाजार में घटती मांग के कारण हम चेन्नई संयंत्र में उत्पादन घटा रहे हैं। हमें नहीं लगता कि 2009 की दूसरी छमाही से पहले बाजार के हालात बदलेंगे। बैंकों ने ब्याज दर घटाई है लेकिन मांग बढ़ाने के लिए और भी कदम उठाने की जरूरत है।’

हालांकि कंपनी अपनी कार आई-20 को भारत में लॉन्च करने की अपनी योजना पर कायम है। हुंडई ने ऑटो कलपुर्जा आपूर्तिकर्ताओं को भी कह दिया है कि कंपनी कलपुर्जों की मांग भी इसी हिसाब से घटा सकती है। हालांकि अभी तक होंडा मोटर्स के आई-10 और सेन्ट्रो की बाजार में काफी मांग थी।

लेकिन तरलता की कमी और ब्याज दर के कारण पिछले महीने कंपनी की बिक्री में 23 फीसदी की कमी आई है। इसके अलावा कंपनी ने चालू वित्त वर्ष के लिए अपने बिक्री लक्ष्य में भी फेर बदल किया है।

कंपनी ने बिक्री लक्ष्य 5,30,000 इकाई से 7.5 फीसदी घटाकर 4,90,000 कर दिया है। एचएमआईएल के अध्यक्ष अशोक झा ने बताया, ‘हम 2009 की पहली तिमाही में ज्यादा बिक्री की उम्मीद नहीं कर रहे हैं। लेकिन 2009 के अंत तक बिक्री में बढ़ोतरी होने की उम्मीद है।’

हुंडई बढ़ाएगी दाम

कच्चे माल की कीमतों में कमी आने के बाद हुंडई भी कारों की कीमत कम करने के बजाय दाम बढ़ाने की योजना बना रही है। कंपनी अपने सभी मॉडलों की कीमत में कम से कम दो फीसदी का इजाफा करने की फिराक में है।

कंपनी के प्रबंध निदेशक एच एस लीम ने बताया, ‘हमने बढ़ती लागत अपने तक ही रखने की कोशिश की, लेकिन अब हम इसका बोझ अकेले नहीं झेल सकते हैं।’

नया दौर


मॉडल          मौजूदा कीमत                   बढ़ोतरी*
सैन्ट्रो                 2,67,508                          5,350
आई-10              3,41,004                          6,820
गेट्ज                 3,97,828                          7,956
वरना                 6,59,901                         13,198
टस्कॉन              16,96,114                       33,922

* संभावित

First Published : December 26, 2008 | 11:08 PM IST