रिलायंस इंडस्ट्रीज के कृष्णा गोदावरी बेसिन के पूर्वी तट पर स्थित डी 6 ब्लॉक में तकरीबन 40,000 अरब घन फुट का गैस भंडार है। कंपनी की साझेदार निक्को रिसोर्सेज ने यह जानकारी दी है।
निक्को के अध्यक्ष एवं मुख्य कार्यकारी एडवर्ड एस सैमसन ने बताया कि कंपनी को 7,645 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र वाले कृष्णा गोदावरी (डीब्ल्यूएन) 98-3 में गैस के 20 और तेल का एक भंडार मिला है। इनमें कुल मिलाकर 40,000 अरब घन फुट गैस भंडार मिला है।
इस ब्लॉक में 90 फीसद हिस्सेदारी रिलायंस के पास है, जबकि निक्को के पास महज 10 फीसद हिस्सा है। इनमें धीरूभाई-1 और 3 गैस क्षेत्रों में पहले चरण में उत्पादन शुरू कर दिया जाएगा। गैस उत्पादन दिसंबर-जनवरी तक शुरू हो जाएगा।