कार निर्माता कंपनी जनरल मोटर्स इंडिया ने कहा कि कंपनी इस साल के अंत तक अपने सभी मौजूदा मॉडलों के एलपीजी और सीएनजी वैरिएंट लॉन्च करेगी। इसके साथ ही कंपनी दिसंबर 2009 में छोटी कार भी लॉन्च करने की तैयारी कर रही है।
कंपनी की ओर से बताया गया कि कंपनी की तालेगांव में इंजन निर्माण इकाई वर्ष 2010 के मध्य तक चालू हो जाएगी। जनरल मोटर्स इंडिया के अध्यक्ष कार्ल स्लाइम ने कहा कि मंदी का असर भारतीय वाहन बाजार पर अमेरिका की तरह नहीं पड़ा है।
उन्होंने बताया कि बाजार की संभावनाओं को देखते हुए कंपनी इस साल अपने सभी मॉडलों के सीएनजी और एलपीजी वैरिएंट लॉन्च करने की तैयारी कर रही है। यही नहीं इन मॉडलों की कीमत भी अपेक्षाकृत कम रखी जाएगी।
कार्ल ने बताया कि इस साल के मध्य तक कंपनी शेव्रले क्रूज लॉन्च करेगी, जबकि इस साल के अंत तक छोटी कार लाने की योजना है।
मौजूदा समय में कंपनी तालेगांव में 1,40,000 कार और हलोल प्लांट में 85,000 कारों का विनिर्माण किया जा रहा है। लेकिन तलेगांव में संयंत्र पूरी तरह से काम करने लगे, तो कंपनी 3,00,000 इंजन और गियर बॉक्स का निर्माण सालाना करने में सक्षम होगी।