पुरानी कारों के कारोबार में उतरेगी जीएम

Published by
बीएस संवाददाता
Last Updated- December 10, 2022 | 6:53 PM IST

जनरल मोटर्स इंडिया सुस्त हो चुके अपने कारोबार को तेज करने के लिए अब पुरानी कारों के कारोबार में उतरने जा रही है।
कंपनी की योजना है कि वित्त वर्ष 2009-10 की पहली तिमाही में पूरे देश में पुरानी कारों का कारोबार शुरू किया जाए। जीएम इंडिया के उपाध्यक्ष पी बालेंद्रन ने बिानेस स्टैंडर्ड को बताया, ”लॉन्चिंग से पहले की सारी तैयारी लगभग पूरी हो गई है। उम्मीद है यह उपक्रम अगले तीन-चार महीनों में लॉन्च हो जाएगा। हमारी योजना देश के चुनिंदा शहरों में 10 आउटलेट खोलने की है।”
उन्होंने यह भी कहा, ”जहां तक पुराने कारों के बाजार की बात है तो भारत में हर मॉडल के लिए काफी अच्छी संभावनाएं हैं। भारत में पुराने कारों का बाजार काफी असंगठित है और इसे संगठित करने की जरूरत है।” बालेंद्रन ने बताया कि सभी पुरानी कारों पर छह महीने की गारंटी मिलेगी। उपभोक्ताओं को संतुष्ट रखने के लिए उनकी कंपनी सभी पुरानी कारों को बेचने से पहले कई बार जांच करेगी।
मालूम हो कि जनरल मोटर्स ने 2008 में 85 से 90 हजार कार बेचने का लक्ष्य रखा था, लेकिन वह केवल 65,702 कारें ही बेच पाई। इसे देखते हुए कंपनी ने 2009-10 में बिक्री का कोई लक्ष्य नहीं रखा है। हालांकि उसे अनुमान है कि इस वित्त वर्ष में कारों की बिक्री 2008-09 जितनी ही रहेगी।
जनरल मोटर्स का फिलहाल नई दिल्ली स्थित आउटलेट ही पुराने कारों का कारोबार करता है। अनुमान के मुताबिक, देश में पुरानी कारों का बाजार 10 लाख यूनिट सालाना का है। इसका ज्यादातर हिस्सा बिखरा और असंगठित है। कुल कारोबार का केवल 10 फीसदी ही संगठित खिलाड़ियों के जिम्मे है। 30 फीसदी कारोबार असंगठित डीलरों के जरिए होता है, जबकि शेष 60 फीसदी कारोबार लोगों के आपसी समझौते और समझदारी से होता है।
जहां तक संगठित खिलाड़ियों की बात है, इसमें मारुति सुजुकी सबसे आगे है। कंपनी ‘ट्रू वैल्यू स्टोर’ नाम से स्टोरों का संचालन कर रही है। अन्य प्रमुख खिलाड़ियों में होंडा ऑटो टेरेस, महिंद्रा फर्स्ट च्वॉइस और टोयोटा यू ट्रस्ट आदि हैं।
इस बीच जीएम इंडिया ने अनुमान जताया है कि तालेगांव में लगने वाला इंजिन और ट्रांसमिशन प्लांट 2010 में चालू हो जाएगा। इस संयंत्र में पेट्रोल और डीजल दोनों तरह के इंजिनों का निर्माण होना है। कंपनी इंडिया इस संयंत्र पर 20 करोड़ डॉलर खर्च करने वाली है।

First Published : March 4, 2009 | 7:38 PM IST