महंगी होंगी जनरल मोटर्स की कार

Published by
बीएस संवाददाता
Last Updated- December 08, 2022 | 7:42 AM IST

अमेरिका की दिग्गज कार कंपनी जनरल मोटर्स कॉर्पोरेशन की भारतीय इकाई जनरल मोटर्स इंडिया ने अगले साल जनवरी में कारों के दाम बढ़ाने की योजना बनाई है।


इसके साथ ही कंपनी कई मॉडलों पर दी जा रही छूट भी वापस ले लेगी। जीएम इंडिया के निदेशक और उपाध्यक्ष (कारोबारी मामले) पी बालेन्द्रन ने बताया कि इस साल मुनाफे में दर्ज की गई गिरावट के कारण कंपनी ने कीमत बढ़ाने का फैसला किया है।

देश में जीएम शेव्रले ब्रांड के तहत कैप्टिवा, ऑप्ट्रा, एवियो यूवा, स्पार्क और टवेरा की बिक्री करती है। पिछले 12 साल में जीएम ने लगभग 5,000 करोड़ रुपये का निवेश किया है। उन्होंने कहा, ‘हम अपने कई मॉडलों पर अक्टूबर से ही छूट दे रहे थे।

लेकिन हम अपने मार्जिन पर और दबाव नहीं सह सकते हैं। इसीलिए हमनें अपने सभी मॉडलों के दाम बढ़ाने का फैसला किया है। यह बढ़े हुए दाम सभी मॉडलों पर जनवरी  से लागू हो जाएंगे।’

उन्होंने बताया कि कंपनी इस साल अक्टूबर से ही कंपनी के कई मॉडलों पर 20,000-58,000 रुपये की छूट दे रही थी। इसके अलावा हम केंद्र सरकार के कर्मचारियों को 3,000-5,000 रुपये की अतिरिक्त छूट भी दे रहे हैं। लेकिन जनवरी के आते ही यह सब छूट समाप्त कर दी जाएंगी।

चालू कै लेंडर वर्ष में जनवरी से नवंबर तक जीएम इंडिया ने 65,000 इकाइयां बेची हैं, जो पिछले साल की इसी समयावधि में हुई बिक्री से 8.2 फीसदी अधिक है।

बालेन्द्रन ने बताया कि इस साल के अंत तक अगर कारों की बिक्री का आंकड़ा 72,000-75,000 इकाई तक पहुंचता हैं तो कंपनी को बिक्री दर 20 फीसदी तक पहुंचने की उम्मीद है।

First Published : December 5, 2008 | 11:22 PM IST