रूपर्ट मर्डोक के ट्वेंटिएथ सेंचुरी फॉक्स और स्टार का साझा उपक्रम भारतीय बाजार में भी कदम रख रहा है।
साझे उपक्रम वाली कंपनी फॉक्स स्टार स्टूडियोज ने ‘सिंह इज किंग’ और ‘नमस्ते लंदन’ बनाने वाले निर्माता विपुल अमृतलाल शाह के साथ दो फिल्में बनाने का करार किया है।
इस करार के तहत विपुल एक फंतासी एक्शन फिल्म और एक रोमांटिक कॉमेडी फिल्म बनाएंगे। दोनों फिल्में फॉक्स स्टार के बैनर तले बनाई जाएंगी।
फॉक्स फिल्म्ड एंटरटेनमेंट के चेयरमैन और मुख्य कार्यकारी जिम गियानोपुलौस ने लंदन से बिजनेस स्टैंडर्ड को बताया कि विपुल शाह के साथ फॉक्स स्टार भारत में कदम रख रही है।
उन्होंने कहा, ‘भारत हमारी कंपनी के लिए बहुत अहम बाजार है। बॉलीवुड दुनिया भर में मशहूर है।’ उन्होंने कहा कि इसके अलावा भी भारत में फॉक्स का कदम रखना महत्वपूर्ण है क्योंकि इसकी सहायक कंपनी स्टार इंडिया का जाल पूरे देश में चप्पे चप्पे पर फैला हुआ है।
यह बात दीगर है कि हॉलीवुड के तमाम स्टूडियो और फिल्म निर्माण कंपनी आजकल भारत का रुख कर रही हैं। फॉक्स ने तो अपने आने का ऐलान काफी देर से किया है। उससे पहले ही सोनी पिक्चर्स और डिज्नी जैसी कंपनियां यहां आ चुकी हैं।
बहरहाल गियानोपोलस इसे चूहा दौड़ में हिस्सेदारी नहीं मानते। उन्होंने कहा, ‘भारत में फिल्म बनाने की हमारी मंशा है, हमारे लिए यह मजबूरी नहीं है। हम फिल्में बनाने की खातिर एक बाजार से दूसरे बाजार में भागते नहीं हैं।’
उन्होंने बताया कि फॉक्स अपनी वित्तीय ताकत, मार्केटिंग और वितरण की क्षमताएं भी भारत ले आएगी और उनके जरिये स्थानीय प्रतिभाओं के साथ तालमेल बिठाएगी। लेकिन उन्होंने भारत में फॉक्स की निवेश योजनाओं के बारे में कोई भी खुलासा करने से इनकार कर दिया।
उन्होंने बस इतना ही कहा कि वित्त की कोई कमी नहीं है और न ही उसके लिए कोई सीमा तय की गई है।
विपुल शाह ने भी दोनों फिल्मों के बजट के बारे में कुछ भी कहने से इनकार कर दिया। उन्होंने कहा, ‘अभी इस बारे में विचार चल रहा है।
फॉक्स के साथ हमारा रिश्ता वैसे भी केवल पैसे के लिए नहीं है। यह तो फिल्मों को ज्यादा वैज्ञानिक तरीके से बनाने के गुर सीखने के लिए किया गया है।’
भारत में फिल्मों का कारोबार अगले पांच साल में दोगुना होने की उम्मीद है। माना जा रहा है कि 2012 में इस बाजार का आकार लगभग 440 करोड़ डॉलर हो जाएगा। यही वजह है कि दुनिया भर की नामी फिल्म कंपनियां यहां की दौड़ लगा रही हैं।