मल्टीप्लेक्स में जारी रहेगा विस्तार का शो

Published by
बीएस संवाददाता
Last Updated- December 09, 2022 | 4:44 PM IST

इमारतों के किराये, मनोरंजन करों में कटौती, उपकरणों की घटती कीमत का फायदा उठाने के लिए मल्टीप्लेक्स विस्तार की योजनाएं जारी रखेंगे।


इस साल बॉलीवुड की कई बड़ी फिल्मों के भरोसे पीवीआर, आईनॉक्स लेजर, बिग सिनेमाज भी विस्तार में निवेश जारी रखेंगे। फन मल्टीप्लेक्स, सिनेमैक्स समेत मल्टीप्लेक्स जगत विस्तार करने के लिए लगभग 15,000 करोड़ रुपये निवेश करेगा।

उद्योग विश्लेष्कों की माने तो पिछले साल भी उद्योग ने विस्तार पर कुछ इतनी ही रकम खर्च की थी। साल 2008 में अच्छी फिल्मों के टोटे के कारण मल्टीप्लेक्सों में आने वाले लोगों की संख्या में भी कमी आई थी।

इस कारण घाटे से बचने के लिए मल्टीप्लेक्सों ने टिकट, खाद्य और पेय पदार्थों की कीमत 15 फीसदी बढ़ा दिए थे। इससे उनकी कमाई ठीक-ठाक ही रही थी।

सिनेमैक्स के उपाध्यक्ष (मार्केटिंग और प्रोग्रामिंग) देवांग संपत ने बताया, ‘हमने 2012 तक मल्टीप्लेक्सों की संख्या बढ़कर 100 और स्क्रीन्स की संख्या बढ़ाकर 300 करने का लक्ष्य रखा है। अभी हमारे 23 मल्टीप्लेक्स में 69 स्क्रीन्स हैं।’

अनिल धीरूभाई अंबानी समूह की मल्टीप्लेक्स शृंखला बिग सिनेमाज अगले 15 महीनों में 50 मल्टीप्लेक्स और 140 स्क्रीन्स और अपने खाते में जोड़ेगी। फिलहाल कंपनी के देश भर में 75 मल्टीप्लेक्स और 189 स्क्रीन्स हैं।

बिग सिनेमाज के मुख्य परिचालन अधिकारी तुषार ढींगरा ने बताया कि कंपनी देश भर में 12 मेगाप्लेक्सेस भी बनाने की योजना बना रही हैं।

यहां फिल्म ही नहीं, क्रिकेट और फुटबॉल मैच भी बड़ी स्क्रीन पर देखने का लुत्फ उठाया जा सकेगा। एक मेगाप्लेक्स में लगभग 11-15 स्क्रीन होती हैं और इनमें 4,000-5,000 लोग आराम से बैठकर फिल्म या खेल देख सकते हैं।

आईनॉक्स लेजर के मुख्य परिचालन अधिकारी आलोक टंडन ने बताया कि कंपनी ने साल 2010 के अंत तक देश भर में अपने मल्टीप्लेक्सों की संख्या 72 मल्टीप्लेक्स और 290 स्क्रीन्स तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा है।

कंपनी के 19 शहरों में 27 मल्टीप्लेक्स और 94 स्क्रीन्स हैं। फिर भी मल्टीप्लेक्स की विस्तार योजनाओं पर रियल्टी बाजार के हालात का भी असर पड़ेगा।

पीवीआर के अध्यक्ष प्रमोद अरोड़ा ने बताया, ‘हम अपना लक्ष्य कितना हासिल करते हैं, यह तो इस साल शॉपिंग मॉल्स निर्माण की रफ्तार पर निर्भर करता है।’ पीवीआर के फिलहाल देश भर में 26 मल्टीप्लेक्स और 108 स्क्रीन्स हैं।

फन मल्टीप्लेक्स के विशाल कपूर ने बताया कि 36 शहरों में कंपनी ने पहले से ही 200 नई स्क्रीन्स लगाने का काम शुरू कर दिया है।

First Published : January 2, 2009 | 11:03 PM IST