ग्राहकों के आईटी खर्च में दिख रही तेजी

Published by
बीएस संवाददाता
Last Updated- December 12, 2022 | 9:46 AM IST

बीएस बातचीत
प्रमुख आईटी सेवा कंपनी विप्रो ने चालू वित्त वर्ष की तीसरी तिमाही में दमदार वित्तीय नतीजे दर्ज किए हैं। कंपनी के अध्यक्ष एवं मुख्य वित्तीय अधिकारी जतिन दलाल ने समरीन अहमद से बातचीत में कहा कि विभिन्न उद्यमों में ग्राहकों की प्रौद्योगिकी संबंधी आवश्यकताओं के बढऩे से कंपनी की वृद्धि को रफ्तार मिली। उनका कहना है कि कंपनी के 90 फीसदी कर्मचारी कम से कम अप्रैल तक घर से काम करना जारी रखेंगे। पेश हैं मुख्य अंश:
तीसरी तिमाही आमतौर पर आईटी कंपनियों के लिए एक कमजोर तिमाही होती है। ऐसे में विप्रो को दमदार प्रदर्शन करने में किन कारकों से मदद मिली? क्या कर्मचारियों के घर से काम करने से कंपनी को मदद मिली है?
मैं इसका श्रेय केवल घर से काम करने को नहीं देना चाहूंगा। क्लाउड, साइबर सिक्योरिटी, डेटा एनालिटिक्स जैसी प्रौद्योगिकी की बढ़ती जरूरतों ने इसमें कहीं अध्धिक योगदान किया है। अधिकतर कारोबारी मॉडल अब कहीं अधिक वर्चुअल होते जा रहे हैं और इसके लिए हमारे ग्राहक प्रौद्योगिकी में काफी निवेश कर रहे हैं। इससे हमें दमदार वृद्धि हासिल करने में मदद मिल रही है। हमारी 7 कारोबारी इकाइयों में से 5 ने दिसंबर तिमाही में क्रमिक आधार पर 4 फीसदी से अधिक की वृद्धि दर्ज की है जो बताता है कि यह वृद्धि कितनी व्यापक है।

फिलहाल विप्रो के कितने फीसदी कर्मचारी घर से काम कर रहे हैं? क्या कंपनी इस साल हाइब्रिड मॉडल को अपनाएगी?
आज हमारे महज 2.5 फीसदी कर्मचारी दफ्तर से काम कर रहे हैं। करीब 5 फीसदी कर्मचारी ग्राहकों के यहां काम कर रहे हैं और 92 फीसदी से अधिक कर्मचारी अभी भी घर से काम कर रहे हैं। चौथी तिमाही में भी इसमें कोई बदलाव नहीं होगा। अप्रैल तक हम कोविड संक्रमण की वास्तविक स्थिति का आकलन करेंगे। अप्रैल में भी यदि हमें लगेगा कि कुछ महीनों की और जरूरत है तो हम उस पर विचार करेंगे। उसके बाद हम किसी अंतिम मॉडल के बारे में सोचेंगे। हमने दुनिया के कई हिस्सों में कोविड की दूसरी लहर देखी है और इसलिए हमें सतर्क रहने की जरूरत है।

साल 2020 में सौदों की स्थिति कैसी रही? नए साल में उसका क्या परिदृश्य दिख रहा है?
तीसरी तिमाही के दौरान हमने ऑर्डर बुकिंग में दो अंकों में वृद्धि दर्ज की है। अब हम मार्च तिमाही में अच्छी संभावनाओं के साथ आगे बढ़ रहे हैं और हमारा प्रयास है कि हम अपनी क्षमताओं का लाभ उठाएंगे और बाजार में अधिक से अधिक कारोबार हासिल करेंगे।

इस वर्ष ग्राहकों का आईटी बजट कैसा दिख रहा है?
हम ग्राहकों के आईटी खर्च में उल्लेखनीय तेजी देख रहे हैं जो क्लाउड बदलाव, डिजिटल बदलाव, साइबर सिक्योरिटी में निवेश से प्रेरित है। कुल मिलाकर, हम आईटी खर्च में वृद्धि देख रहे हैं क्योंकि मौजूदा समय में कारोबारी मॉडल कहीं अधिक वर्चुअल हो रहे हैं और सभी तरह के उद्यमों में प्रौद्योगिकी की तैनाती की आवश्यकता बढ़ गई है। इससे मौजूदा समय में एक अतिरिक्त रफ्तार मिल रही है।

कंपनी के 80 फीसदी कर्मचारियों को कितनी वेतन वृद्धि दी गई है? पिछले साल के मुकाबले इस साल परिसरों से नियुक्तियां कैसी हैं?
हम बाजार के रुझान के मुताबिक अपने कर्मचारियों को वेतन वृद्धि दे रहे हैं। तसरी तिमाही के दौरान हमने 3,000 फ्रेशर्स को नियुक्त किया और चौथी तिमाही में भी उनकी नियुक्ति जारी रहेगी।

ब्रेक्सिट के बाद यूरोपीय बाजार की स्थिति कैसी है। अमेरिका में नई सरकार के गठन से बाजार में क्या परिदृश्य दिखेगा?
यूरोप में अनिश्चितता खत्म हो गई है जो हमारे कारोबार के लिए अच्छी बात है। हमें ब्रेक्सिट को कोई प्रतिकूल प्रभाव नहीं दिख रहा है। ब्रेक्सिट के बाद हमारे ग्राहकों में भविष्य की योजना संबंधी निर्णय में कहीं अधिक निश्चितता दिखनी चाहिए। अमेरिका पर टिप्पणी करना फिलहाल जल्दबाजी होगी। हम क्षेत्र विशेष के लिए नई सरकार की पहल पर गौर करेंगे और उसके बाद ही कुछ प्रतिक्रिया दे सकेंगे। 

First Published : January 14, 2021 | 11:04 PM IST