ऑटोमोबाइल क्षेत्र की दिग्गज कंपनी फोर्ड इंडिया ने कार की कीमत में 3 फीसदी कटौती की घोषणा की है।
कंपनी ने यह कटौती फ्यूजन, फिएस्टा और एंडेवर मॉडलों पर की है। हाल में केंन्द्रीय उत्पाद शुल्क में 4 फीसदी की कटौती के बाद कंपनी ने यह फैसला किया है। कंपनी ने कई मॉडलों पर 17,500-54,000 रुपये तक की कटौती की है।
टाटा मोटर्र्स ने भी कीमतों में कटौती का ऐलान किया है। कंपनी यात्री कारों पर 12,000 से 23,000 रुपये और यूटिलिटी वाहनों पर 16,000 से 36,000 रुपये तक की कटौती करेगी।
जीएम ने घटाए दाम
जनरल मोटर्स (जीएम) ने सेनवैट में कटौती किए जाने के बाद अपने वाहनों की कीमत में 30,500 रुपये तक की कटौती करने की घोषणा की है।
जीएम इंडिया के उपाध्यक्ष पी बालेंद्रन ने बताया कि कंपनी ने तत्काल प्रभाव से अपनी छोटी कार ‘स्पार्क’ की कीमत 8,000 रुपये से 10,200 रुपये तक घटा दी है।
कंपनी ने अपनी नई कार ‘एवियो यूवीए’ की कीमत में भी 12,000 रुपये से 16,000 रुपये के बीच में कटौती की है। इसके अलावा एसयूवी टवेरा की कीमत भी कम की गई है।
स्कोडा ने कम की कीमत
स्कोडा इंडिया ने सेनवैट में चार फीसदी की कटौती को देखते हुए अपने उत्पादों की कीमत में 51,500 रुपये तक की कटौती करेगी। कंपनी के मुताबिक वह अपने सभी प्रमुख और लोकप्रिय मॉडलों में 12,500 रुपये से 51,500 रुपये तक की कटौती करेगी।
माइक्रो भी कतार में
इलेक्ट्रॉनिक सिक्योरिटी सिस्टम्स बनाने वाली कंपनी माइक्रो टेक्नोलॉजिज ने अपने उत्पादों की कीमत 30 फीसदी कम करने की घोषणा की है। इसके बाद कंपनी को अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय बाजार में अपनी हिस्सेदारी बढ़ने की उम्मीद है।