भारत से कल पुर्जे खरीदेगी बीएमडब्ल्यू

Published by
बीएस संवाददाता
Last Updated- December 09, 2022 | 10:52 PM IST

जर्मनी की कार बनाने वाली कंपनी बीएमडब्ल्यू ने हालांकि पिछले साल प्रीमियम छोटी कार ‘मिनी’ को 2009 में भारत में लाने की योजना से तो मुंह फेर ली थी, लेकिन कंपनी लग्जरी कार मार्क के लिए भारत से कल पुर्जे खरीदेगी।


कंपनी भारतीय लग्जरी कार के बाजार में अपनी पैठ मजबूत करना चाह रही है, इसलिए उसने गुरुवार को नई 3 सीरीज सेडान कार को बाजार में उतारा।

इस नई कार के पेट्रोल संस्करण की एक्स शोरूम कीमत 26.90 लाख से 32.9 लाख रुपये के बीच है, जबकि इसके डीजल संस्करण की कीमत 29.5 से 30.5 लाख रुपये के बीच है।

बीएमडब्ल्यू ने पिछले साल भारत में एक अंतरराष्ट्रीय खरीदारी कार्यालय (आईपीओ) स्थापित किया था, जिसकी नजर देश के कम लागत- उच्च गुणवत्ता वाले कल पुर्जे के बाजार पर है।

बीएमडब्ल्यू के पीटर क्रोनस्नेबल ने कहा, ‘हमलोग बहुत जल्द ही बीएमडब्ल्यू के अंतरराष्ट्रीय उत्पादों के लिए भारत से कल पुर्जे खरीदेंगे। इसके अलावा खरीदारी कार्यालय के माध्यम से ‘मिनी’ और कंपनी की बाइकों के लिए भी कल पुर्जे भारत से खरीदे जाएंगे।’

उन्होंने कहा कि अभी आईपीओ में 10 लोग काम कर रहे हैं और बाइक के कल पुर्जे खरीदने के लिए और विशेषज्ञों की तलाश है। उन्होंने कहा ‘वेंडरों ने कल पुर्जों के बहुत सारे नमूने दिखाए हैं और हम उम्मीद करते हैं कि अगले कुछ महीने में कॉन्ट्रैक्ट पर हस्ताक्षर कर लिया जाएगा।’

पिछले साल बाजार की स्थिति अच्छी नहीं होने की वजह से कंपनी ने मिनी कार लॉन्च भारतीय बाजार में लॉन्च नहीं किया था। उन्होंने कहा कि कंपनी की नई 3 सीरीज से भारतीय बाजार में बीएमडब्ल्यू एक महत्वपूर्ण भूमिका अदा करेगा।

First Published : January 22, 2009 | 11:17 PM IST