बिग बाजार खोलेगी दो साल में 240 नए स्टोर

Published by
बीएस संवाददाता
Last Updated- December 09, 2022 | 9:40 AM IST

किशोर बियाणी के फ्यूचर समूह की रिटेल शृंखला बिग बाजार अगले दो सालों में देश भर में 240 नए रिटेल स्टोर खोलेगी।


इनमें से 48 नए हाइपरमार्केट महाराष्ट्र में खोलने की योजना है। कंपनी महाराष्ट्र में मलाड, घाटकोपर, सोलापुर और पुणे समेत दूसरे शहरों में 2010-11 तक विभिन्न चरणों में ये स्टोर खोलेगी। बिग बाजार ने वित्त वर्ष 2008-09 में बिक्री के जरिए 5,500 करोड़ रुपये के टर्नओवर का लक्ष्य रखा है।

कंपनी ने वित्त वर्ष 2007-08 में बिक्री के जरिए 3,700 करोड़ रुपये कमाए थे। कंपनी ने बीते बुधवार को नासिक में अपना दूसरा हाइपरमार्केट खोला। फिलहाल कंपनी के देश भर के 62 शहरों में कुल 103 हाइपरमार्केट हैं जिनमें से 23 तो महाराष्ट्र में ही हैं।

कंपनी का नासिक में नया हाइपरमार्केट 41,000 वर्ग फुट रिटेल स्पेस में तैयार किया गया है और इसे बनाने में कंपनी ने 3 करोड़ रुपये खर्च किए हैं। इसमें जमीन की कीमत शामिल नहीं है।

बिग बाजार के कारोबारी प्रबंधक शरद वेंकट ने बिजनेस स्टैंडर्ड को कंपनी के विस्तार योजनाओं के बारे में बताया। वेंकट ने कहा, ‘अगले दो सालों में हम देश भर में 240 नए हाइपरमार्केट खोलने की योजना बना रहे हैं। इनमें से 20 फीसदी (48 स्टोर) महाराष्ट्र में खोले जांएगे।’

उन्होंने बताया, ‘मार्च 2009 तक बिग बाजार महाराष्ट्र के घाटकोपर, मालाड और सोलापुर में हाइपरमार्केट खोलेगी। मालाड और घाटकोपर में प्रस्तावित हाइपरमार्केट क्रमश: 1 लाख वर्ग फुट और 60,000 वर्ग फुट कार्पेट एरिया वाले होंगे जबकि, सोलापुर का हाइपरमार्केट 40,000 वर्ग फुट कार्पेट एरिया पर बना होगा।’

वेंकट ने बताया कि बिग बाजार के पुणे में 6 हाइपरमार्केट हैं। उन्होंने कहा कि कंपनी पुणे में कुछ और हाइपरमार्केट की योजना बना रही है और इसके लिए जमीन तलाशी जा रही है।

बिग बाजार के स्टोर में अलग अलग किस्मों के 1.6 लाख से ज्यादा उत्पाद होते हैं जिनमें खाद्य सामग्रियां, मोबाइल, फर्नीचर, इलेक्ट्रॉनिक समेत घर की जरूरत के सभी सामान शामिल हैं।

First Published : December 26, 2008 | 10:57 PM IST