दक्षिण भारत का स्थानीय न्यूज चैनल एशियानेट न्यूज अंग्रेजी के एक आम समाचार चैनल का जल्द ही अधिग्रहण करने वाला है। इसके अलावा एशिया नेट दक्षिण भारत में ही एक समाचार पत्र का भी अधिग्रहण करेगा।
चैनल की ओर से किए जाने वाले दोनों अधिग्रहण की कुल कीमत लगभग 200 करोड़ रुपये आंकी जा रही है, जिसके लिए चैनल कर्ज लेगा। एशियानेट न्यूज दक्षिण भारत के 250 करोड़ रुपये के एशियानेट समूह का ही नेटवर्क है। एशियानेट समूह राज्य सभा सदस्य राजीव चंद्रशेखर का है। एशियानेट के सात टेलीविजन चैनल और दो एफएम रेडियो स्टेशन हैं।
उद्योग जगत के सूत्रों के अनुसार एशियानेट न्यूज कम से कम दो अंग्रेजी समाचार चैनलों के साथ मोल-भाव के अंतिम चरण में है, जिनमें से एक मुंबई में है और दूसरा नई दिल्ली में। एशियानेट के प्रवक्ता को संपर्क करने पर उन्होंने कोई भी टिप्पणी करने से इनकार कर दिया।
अधिग्रहण की यह कवायद ऐसे समय में हो रही है, जब एशियानेट कुछ वैश्विक व भारतीय कंपनियों के साथ अपने प्रमुख आम मनोरंजन चैनल में अपनी हिस्सेदारी बेचने के लिए बातचीत कर रही है। मलायलम, कन्नड़ और तेलुगू में आम मनोरंजन चैनलों के अलावा एशियानेट न्यूज 24 घंटे मलायम, कन्नड़ और तेलुगू में समाचार चैनल और त्रिचूर और कन्नूर में एफएम रेडियो चैनलों प्रसारित करता है।