कमोडिटी

US-Iran तनाव के चलते रुपया फिर हुआ कमजोर, विदेशी निवेशक क्यों निकाल रहे पैसा

अमेरिका-ईरान तनाव के बीच कच्चे तेल की कीमतों में तेजी और डॉलर की बढ़ती मांग से सोमवार को रुपया गिरा

Published by
भाषा   
Last Updated- July 20, 2026 | 12:55 PM IST

Dollar Vs Rupees: अमेरिका और ईरान के बीच तनाव फिर से बढ़ने लगा है। इसका सीधा असर अब भारतीय रुपये पर भी देखने को मिल रहा है। सोमवार (20 जुलाई) को शुरुआती कारोबार में रुपया 12 पैसे गिरकर 96.42 रुपये प्रति डॉलर पर आ गया। कच्चे तेल की कीमतों में तेजी, विदेशी निवेशकों की ओर से भारतीय शेयर बाजार में बिकवाली और डॉलर की बढ़ती मांग के चलते रुपये पर दबाव देखने को मिला।

इंटरबैंक फॉरेन एक्सचेंज में सोमवार को रुपया 96.53 प्रति डॉलर पर खुला। हालांकि, बाद में इसमें थोड़ा सुधार आया और यह 96.42 प्रति डॉलर पर पहुंच गया। फिर भी यह पिछले बंद स्तर 96.30 रुपये प्रति डॉलर से 12 पैसे नीचे रहा। इससे पहले शुक्रवार को घरेलू बाजार के अच्छे प्रदर्शन और अमेरिकी ट्रेजरी यील्ड में गिरावट के कारण रुपया मजबूत होकर 96.30 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था।

रुपया में क्यों आई गिरावट?

सोमवार को पश्चिमी एशिया में बढ़ते तनाव और हवाई हमलों की आशंका के कारण हालात और गंभीर होने से होर्मुज जलडमरूमध्य में शिपिंग गतिविधियां प्रभावित हुईं और कच्चे तेल की कीमतों में तेजी आ गई।

इसका सीधा असर वैश्विक बाजारों पर पड़ा, जिसके बाद विदेशी निवेशकों ने भारतीय शेयर बाजार से पैसा भी निकालना शुरू कर दिया है। इसी वजह से रुपये पर दबाव बढ़ा और इसमें गिरावट देखने को मिल रही है। बता दें, विदेशी संस्थागत निवेशकों ने शुक्रवार को भारतीय शेयर बाजार से  376.41 करोड़ रुपये की शुद्ध बिकवाली की है।

तेल में कितनी तेजी दिखी?

बाजार पर सबसे बड़ा असर कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों का रहा। वैश्विक बेंचमार्क ब्रेंट क्रूड 2.45% चढ़कर 90.26 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया। अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते सैन्य तनाव तथा होरमुज जलडमरूमध्य में जहाजों की आवाजाही प्रभावित होने से तेल आपूर्ति को लेकर चिंता बढ़ी है। भारत अपनी जरूरत का अधिकांश कच्चा तेल आयात करता है, इसलिए तेल महंगा होने का सीधा असर रुपये पर पड़ता है।

शेयर बाजार में उठपटक

घरेलू शेयर बाजार में सोमवार को वैश्विक दबाव के चलते सेंसेक्स 593.78 अंक (0.76%) गिरकर 77,557.67 पर और निफ्टी 169.20 अंक (0.70%) फिसलकर 24,165.10 पर पहुंच गया। शुक्रवार को विदेशी संस्थागत निवेशकों (FII) ने 376.41 करोड़ रुपये के शेयरों की शुद्ध बिकवाली भी इसका कारण माना जा रहा है।

First Published : July 20, 2026 | 12:55 PM IST (बिजनेस स्टैंडर्ड के स्टाफ ने इस रिपोर्ट की हेडलाइन और फोटो ही बदली है, बाकी खबर एक साझा समाचार स्रोत से बिना किसी बदलाव के प्रकाशित हुई है।)