कमोडिटी

सोने की कीमतों में उबाल, अक्टूबर 2023 के बाद सबसे बड़ी छलांग

गुरुवार की सुबह हाजिर सोना 1.3 फीसदी चढ़कर 3,122.02 डॉलर प्रति औंस हो गया। सोने में यह अक्टूबर, 2023 के बाद एक दिन में सबसे बड़ी तेजी है।

Published by
एजेंसियां   
Last Updated- April 11, 2025 | 6:34 AM IST

अमेरिका और चीन के बीच बढ़ती व्यापार जंग के कारण सोने की कीमतों में गुरुवार को बढ़ोतरी हुई। हालांकि अमेरिकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने दूसरे देशों पर शुल्क 90 दिन तक रोकने का ऐलान किया है। गुरुवार की सुबह हाजिर सोना 1.3 फीसदी चढ़कर 3,122.02 डॉलर प्रति औंस हो गया। सोने में यह अक्टूबर, 2023 के बाद एक दिन में सबसे बड़ी तेजी है। अमेरिकी वायदा सोना 1.9 फीसदी चढ़कर 3,137.80 डॉलर पर पहुंच गया।

विजडम ट्री के कमोडिटी रणनीतिकार नीतेश शाह ने कहा कि हम अभी अत्यधिक अनिश्चितता वाले माहौल में रह रहे हैं। हमें वाकई यह नहीं पता कि यह व्यापार युद्ध क्या मोड़ लेगा। मुझे लगता है कि इस साल सोना और ऊपर जाएगा।

उल्लेखनीय है कि ट्रंप ने बुधवार को कहा कि वह कई देशों पर लगाए गए भारी शुल्कों को अस्थायी रूप से कम कर देंगे, लेकिन पेईचिंग द्वारा अमेरिकी वस्तुओं पर लगाए गए 84 फीसदी शुल्क के निर्णय के बाद उन्होंने चीन पर जवाबी शुल्क 104 फीसदी से बढ़ाकर 125 फीसदी कर दिया। हाजिर चांदी 0.6 फीसदी गिरकर 30.85 डॉलर प्रति औंस पर आ गई। प्लैटिनम 0.4 फीसदी गिरकर 933.55 डॉलर पर आ गया और पैलेडियम 1.7 फीसदी गिरकर 915.68 डॉलर रह गया।

 

First Published : April 11, 2025 | 6:22 AM IST