कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में निकाली जा रही ‘भारत जोड़ो यात्रा का आज 108 वां दिन है। यह कन्याकुमारी से अब तक 9 राज्यों के लगभग 46 जिलों से गुजर कर अब दिल्ली पहुंच चुकी है। दिल्ली में इसकी शुरुआत आज सुबह 6:30 बजे बदरपुर बार्डर से हुई। राष्ट्रीय राजधानी में इसका रुट लगभग 23 किलोमीटर लंबा है। यह यात्रा बदरपुर बार्डर से अपोलो होते हुए फिर आश्रम और उसके बाद इंडिया गेट होते हुए लाल किले तक जाएगी।
दिल्ली पहुंचने पर राहुल गांधी ने भाजपा और RSS पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि कुछ लोग नफरत फैला रहे हैं, लेकिन देश का आम आदमी अब प्यार की बात कर रहा है। इस यात्रा में हर राज्य के लाखों लोग शामिल हुए हैं। मैंने RSS-BJP के लोगों से कहा है कि हम यहां आपके नफरत के ‘बाजार’ में प्यार की दुकान खोलने आए हैं।
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष ने यह भी कहा कि BJP की नीतियां डर फैलाने की है, इसे नफरत में बदलने की है। लेकिन हम ऐसा होने नहीं देंगे और हम जीतेंगे। आगे उन्हीने ययह भी कहा की BJP नफरत फैलाती हैं और हम प्यार फैलाते हैं, हम सभी भारतीयों को गले लगाते हैं। हमारी तरह हर भारतीय को देश में प्यार फैलाने के लिए एक छोटी सी दुकान खोलनी चाहिए।
आपको बता दें, भारत जोड़ो यात्रा की शुरुआत कन्याकुमारी से 7 सितंबर को हुई थी। ये यात्रा तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र और हरियाणा से गुजरते हुए अब दिल्ली पहुंच चुकी है।