| वोलमर और वान डर ने रिकार्ड बनाकर जीता सोना | | PTI / लंदन July 30, 2012 | | | | |
अमेरिका की डाना वोलमर ने महिलाओं की 100 मीटर बटरफ्लाई जबकि दक्षिण अफ्रीका के कैमरन वान डर बर्ग ने 100 मीटर ब्रेस्ट स्ट्रोक में नये विश्व रिकार्ड के साथ आज यहां ओलंपिक तैराकी प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीते। पिछले साल विश्व चैंपियनशिप जीतने वाली वोलमर 100 मीटर बटरफ्लाई में 56 सेकेंड से कम समय लेने वाली दुनिया की पहली महिला तैराक बन गयी हैं। उन्होंने 55 . 98 सेकेंड का समय निकालकर नया विश्व रिकार्ड बनाया। उन्होंने स्वीडन की सराह सजोस्ट्रोम के 2009 में विश्व चैंपियनशिप में बनाये गये 56 . 06 सेकेंड के रिकार्ड को तोड़ा। चीन की लु यिंग ने 56 . 87 सेकेंड का समय लेकर रजत जबकि आस्ट्रेलिया की एलिसिया कोउटस ने 56 . 94 सेकेंड के समय के साथ कांस्य पदक जीता। पुरुषों की 100 मीटर ब्रेस्टस्ट्रोक में वान डर बर्ग ने 58 . 56 सेकेंड का समय निकालकर नया विश्व रिकार्ड बनाया। उन्होंने अमेरिका के ब्रेंटन रिकार्ड के 2009 में विश्व चैंपियनशिप में बनाये गये 58 . 58 सेकेंड के रिकार्ड को भंग किया। इस स्पद्र्धा का रजत पदक आस्ट्रेलिया के क्रिस्टियन स्प्रेंगर और कांस्य पदक अमेरिका ब्रैंडन हेनसन ने जीता। महिलाओं की 400 मीटर फ्री स्टाइल में फ्रांस की कैमिली मफेट ने स्वर्ण, अमेरिका की एलिसन समिट ने रजत और ब्रिटेन की रेबेका एडिलटन ने कांस्य पदक जीता। |