| शिलांग में पुलिस चौकी पर आतंकियों ने की गोलीबारी, बच्चा घायल | | PTI / शिलांग July 15, 2012 | | | | |
शहर के बीचों बीच स्थित पुलिस चौकी पर कुछ संदिग्ध आतंकवादियों ने दो बार गोलियां चलाईं। इस गोलीबारी में एक बच्चा घायल हो गया। पुलिस के मुताबिक, चार संदिग्ध आतंकियों के समूह ने लुमदिनगजरी पुलिस चौकी पर रात को दस बजे गोलियां चलानी शुरू कर दीं। जब एक पुलिसकर्मी अंदर से उन्हें देखने निकला तब उन्होंने दूसरी बार गोलियां चला दीं। इसके बाद वे भाग गए। इस गोलीबारी में एक गोली पुलिस चौकी के पास स्थित पुलिस क्वार्टरों में चली गई, जिससे एक सब इंस्पेक्टर का छोटा बेटा घायल हो गया। पुलिस क्वार्टर की दीवार पुलिस चौकी से सटी हुई है। इस दीवार पर गोलियों के निशान देखे जा सकते हैं। पुलिस ने घटनास्थल से एके 47 से चली गोलियों के 20 खोल बरामद किए। इस घटना के बाद पुलिस अधीक्षक ए आर मैथ्यू ने आज सुबह बैठक की। पुलिस ने निषिद्ध करार दिए गए संगठन हाइनीत्रेप नेशनल लिबरेशन आर्मी की संलिप्तता की संभावना से इंकार नहीं किया है। :भाषा: |