टास जीतने के बाद पहले बल्लेबाजी के लिये उतरे न्यूजीलैंड का स्कोर चौथे ओवर तक दो विकेट पर 14 रन था। इसके बाद टेलर : नाबाद 119 : और विलियमसन : नाबाद 95 : ने पी सारा ओवल मैदान पर तीसरे विकेट के लिये 209 रन की अटूट साझेदारी की।
टेलर ने आखिरी सत्र में तेज गेंदबाज शमिंडा इरांगा की गेंद पर दो रन लेकर आठवां और श्रीलंका के खिलाफ पहला टेस्ट शतक पूरा किया। विलियमसन ने उनका पूरा साथ दिया और वह अपना तीसरा टेस्ट शतक लगाने के करीब है। बारिश के कारण दिन का खेल नौ ओवर पहले ही समाप्त करना पड़ा।
न्यूजीलैंड के कप्तान ने अभी तक 241 गेंद का सामना करके दस चौके लगाये हैं। विलियमसन की 229 गेंद की पारी में आठ चौके शामिल हैं।
गाले में पहला टेस्ट मैच दस विकेट से गंवाने वाले न्यूजीलैंड ने सलामी बल्लेबाज मार्टिन गुप्टिल और ब्रैंडन मैकुलम के विकेट पहले चार ओवर में गंवा दिये थे। गुप्टिल को नुवान कुलशेखरा के पहले ओवर में पहली स्लिप में एंजेलो मैथ्यूज ने कैच किया। मैकुलम को इरांगा की गेंद पर एलबीडब्ल्यू आउट दिया गया हालांकि टीवी रीप्ले से से साफ हो गया था कि गेंद उनके बल्ले का किनारा लेने के बाद पैड पर लगी। इन दोनों ने चार . चार रन बनाये।