कुक और पीटरसन के शतकों से इंग्लैंड ने अपनी पहली पारी में 413 रन बनाकर 86 रन की बढ़त हासिल की। कुक ने 122 रन बनाये जबकि पीटरसन ने 186 रन की जबर्दस्त पारी खेली। इन दोनों ने तीसरे विकेट के लिये 206 रन की साझेदारी की।
लेकिन महेंद्र सिंह धोनी का टर्निंग विकेट बनवाने का दांव लगातार दूसरी पारी में उल्टा पड़ता नजर आ रहा है। भारत ने तीसरे दिन का खेल समाप्त होने तक अपनी दूसरी पारी में सात विकेट पर 117 रन बनाये हैं। भारत को अभी केवल 31 रन की बढ़त मिली है।
वीरेंद्र सहवाग : 9 :, चेतेश्वर पुजारा : 6 :, सचिन तेंदुलकर : 8 :, विराट कोहली : 7 :, युवराज सिंह : 8 : और कप्तान धोनी : 6 : कोई भी दोहरे अंक में नहीं पहुंच पाया। सलामी बल्लेबाज गौतम गंभीर ने एक छोर संभाल रखा है। उन्होंने अब तक 109 गेंद पर 53 रन बनाये हैं। उनके अलावा रविचंद्रन अश्विन : 11 : ही दोहरे अंक में पहुंचे। गंभीर के साथ दूसरे छोर पर हरभजन सिंह एक रन बनाकर खेल रहे हैं।
वानखेड़े में दिन भर में 15 विकेट गिरे जिनमें से 14 विकेट स्पिनरों ने लिये। पनेसर के सामने भारतीय बल्लेबाज बगले झांकते नजर आये। बायें हाथ के इस स्पिनर ने अभी तक 61 रन देकर पांच विकेट लिये हैं। इस तरह से वह मैच दस विकेट ले चुके हैं। आज बाकी दो विकेट आफ स्पिनर ग्रीम स्वान को मिले हैं। इससे पहले भारत की तरफ से प्रग्यान ओझा ने 143 रन देकर पांच विकेट लिये जबकि हरभजन और अश्विन ने दो . दो विकेट हासिल किये।