भाजपा प्रवक्ता सैयद शाहनवाज हुसैन ने संवाददाताओं से कहा, आर पी सिंह सेवानिवृति से पहले किसी दबाव में थे या नहीं, लेकिन आज वह किस दबाव में हैं यह महत्वपूर्ण सवाल है। इस अधिकारी ने पीएसी या जेपीसी में अपनी बात नहीं कही। लेकिन सेवानिवृति के बाद क्यों कही, यह बड़ा सवाल है।
उन्होंने कहा कि सिंह बतायें कि आने वाले दिनों के लिए सरकार से उन्हें कोई आश्वासन मिला है या कोई दायित्व देने की बात हुई है। इस पर देश की नजर रहेगी।
हुसैन ने कहा, सरकार संवैधानिक संस्थाओं पर दाग लगाकर पाक साफ नहीं हो सकती है।
उन्होंने कहा कि मुरली मनोहर जोशी ने अपनी बात कह दी है और प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह भी जोशी की जांच में विश्वास व्यक्त कर चुके है।
गौरतलब है कि कैग के पूर्व आडिटर सिंह ने टू जी स्पेक्ट्रम के आवंटन से सरकारी खजाने को 1.76 लाख करोड़ रूपये के अनुमानित नुकसान होने के नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक :कैग: के आकलन से असहमति जतायी थी और पीएसी अध्यक्ष जोशी की भूमिका पर सवाल भी उठाया था।
भाषा दीपक अमृत