| एसऐंडपी ने वृद्धि दर अनुमान घटाया | | बीएस संवाददाता / नई दिल्ली September 24, 2012 | | | | |
स्टैंडर्ड ऐंड पुअर्स (एसऐंडपी) ने चालू वित्त वर्ष के लिए भारत की आर्थिक वृद्धि दर के अनुमान को घटाकर 5.5 प्रतिशत कर दिया है। इससे पहले उसने देश की आर्थिक वृद्धि दर 6.5 फीसदी रहने का अनुमान लगाया था। एसऐंडपी ने वैश्विक स्तर पर आर्थिक मोर्चे पर उतार-चढ़ाव के मद्देनजर वृद्धि दर के अनुमान को कम किया है।
एसऐंडपी ने कहा कि एशिया प्रशांत क्षेत्र मौजूदा वैश्विक आर्थिक अनिश्चितता का दबाव झेल रहा है। इसके मद्देनजर उसने भारत की वृद्धि दर के अनुमान को एक फीसदी अंक घटाकर 5.5 फीसदी कर दिया है। एसऐंडपी की रिपोर्ट में कहा गया है कि मॅानसून की बारिश कम रहने से भारत पर असर पड़ा है। भारतीय अर्थव्यवस्था में कृषि क्षेत्र की अब भी काफी अहम हिस्सेदारी है।
हालांकि रिपोर्ट में भारत सरकार द्वारा हाल में आगे बढ़ाए गए सुधारों का उल्लेख नहीं है। सरकार ने पिछले सप्ताह डीजल कीमतों में 12 फीसदी की भारी वृद्धि की थी और इसके साथ ही प्रति परिवार सब्सिडी वाले रसोई गैस सिलेंडरों की सीमा तय कर दी थी। सरकार ने इसके साथ ही बहु-ब्रांड खुदरा क्षेत्र, विमानन, प्रसारण और बिजली एक्सचेंजों में प्रत्यक्ष विदेशी निवेश की अनुमति दी है।
|