| गाजियाबाद पर यूपी का दांव | | उद्योग और रोजगार के केंद्र के रूप में उभर रहा है एनसीआर का शहर | | | वीरेंद्र सिंह रावत / लखनऊ September 21, 2012 | | | | |
उत्तर प्रदेश को गाजियाबाद से औद्योगिक और रोजगार सृजित करने वाले केंद्र के रूप में उभरने को लेकर काफी उम्मीदें हैं। उत्तर प्रदेश बुनियादी ढांचा और औद्योगिक विकास आयुक्त (आईआईडीसी) अनिल कुमार गुप्ता ने कहा, 'तुलनात्मक रूप से रहन-सहन के कम खर्च और राष्ट्रीय राजधानी से निकटता के कारण गाजियाबाद सबसे अधिक राजस्व और रोजगार सृजित करने वाला औद्योगिक जिला बनने जा रहा है।' राज्य सरकार ने 'फीडबैक इंफ्रास्ट्रक्चर ऐंड सर्विसेज' को ग्रीन फील्ड एक्सेस नियंत्रित गाजियाबाद की उत्तरी बाहरी (परिफरल) सड़क के विकास के लिए सलाहकार चुना गया है।
यह परियोजना अनुमानित 440 करोड़ रुपये की है और इसे सार्वजनिक निजी भागीदारी मॉडल के तहत बनाया जाएगा। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) इस परियोजना की नोडल एजेंसी है। 20 किलोमीटर लंबी चार लेन की इस परियोजना का मकसद उद्योगों को बेहतर कनेक्टिविटी मुहैया कराना और कच्चे माल या उत्पादन की बेहतर आवाजाही सुनिश्चित करना है। इसके अलावा इसका मकसद गाजियाबाद शहर की सड़कों को राजमार्ग के यातायात से मुक्त करना है। पीपीपी दिशानिर्देश और नियमन तैयार करने के लिए सलाहकार कंपनी को परियोजना अध्ययन, तकनीकी व्यवहार्यता अध्ययन, वित्तीय व्यवहार्यता अध्ययन, पूरी बोली प्रक्रिया के प्रबंधन आदि कार्य जल्द करने के लिए कहा गया है।
इस कंपनी का चुनाव गुप्ता की अध्यक्षता वाली बोली मूल्यांकन समिति (बीईसी) की बैठक में किया गया। ये बोलियां केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय के प्रथम श्रेणी के सलाहकारों से आमंत्रित की गई थीं। पांच बोलियां आरआईटीईएस गुडग़ांव, फीडबैक इंफ्रास्ट्रक्चर ऐंड सर्विसेज नई दिल्ली, होल्टेक कंसल्टिंग गुडग़ांव, कास्टा इंजीनियर्स ऐंड कंस्लटेंट्स नई दिल्ली और यूनिबोर्न इंडिया, गुडग़ांव से प्राप्त हुई थीं। उत्तरी बाहरी सड़क लोनी क्षेत्र में स्टेट हाइवे (एसएच) 57 (सहारनपुर रोड) से शुरू होकर एनएच 24 (लखनऊ रोड) पर डासना में समाप्त होगा।
|