| यूपी में पारिवारिक गढ़ों को मिलेंगे तोहफे! | | बीएस संवाददाता / लखनऊ September 21, 2012 | | | | |
अखिलेश यादव की समाजवादी सरकार ने अपने नेताओं के चुनाव क्षेत्रों को खास तोहफों से नवाजने की तैयारी की है। इसकी शुरुआत मुलायम सिंह यादव के अपने घर सैफई और बहू डिंपल के चुनावी क्षेत्र कन्नौज से होगी। सरकार इन दोनो शहरों में व्यवस्थित आवासीय कालोनियों का निर्माण करेगी।
सैफई और कन्नौज में आवासीय कालोनी और अन्य नगरीय सुविधाएं दिलाने के लिए वहां विकास प्राधिकरणों की स्थापना अब सरकार के एजेंडे पर है। मुलायम की बहू डिंपल को निर्विरोध लोकसभा पहुंचाने वाले क्षेत्र कन्नौज के इत्र को विश्व स्तरीय पहचान दिलाने की भी तैयारी सरकार कर रही है। सरकार की ओर से संचालित औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) अब पर यूम टेक्नालाजी में डिप्लोमा कोर्स भी चलाएंगे।
आवास एवं नगर विकास विभाग के अधिकारियों की मानें तो जल्दी ही उत्तर प्रदेश सरकार प्रदेश में पांच नए विकास प्राधिकरणों की स्थापना करेगी। इन में दो विकास प्राधिकरण सैफई और कन्नौज में खुलने तय हैं। साथ ही बांदा और रामपुर के विकास प्राधिकरणों को खत्म करने की भी तैयारी है। कन्नौज और सैफई के अलावा जिन शहरों में विकास प्राधिकरण खोलने पर विचार चल रहा है उनमें लखीमपुर और आजमगढ़ शामिल हैं।
|