| सरपट भागे विमानन, खुदरा कंपनियों के शेयर | | बीएस संवाददाता / मुंबई September 21, 2012 | | | | |
खुदरा क्षेत्र और घरेलू विमान कंपनियों में प्रत्यक्ष विदेशी निवेश की घोषणा के बाद शुक्रवार को इन क्षेत्रों के शेयरों में तेजी दर्ज हुई। किंगफिशर एयरलाइन्स जहां 5.1 प्रतिशत चढ़कर 13.12 रुपये पर आ गया वहीं स्पाइसजेट का शेयर भी 2.5 प्रतिशत मजबूत होकर 37.7 रुपये पर पहुंच गया। जेट एयरवेज बीएसई में 2 प्रतिशत उछलकर बीएसई में 367.7 पर बंद हुआ।
खुदरा शेयरों की बात करें तो पैंटालून रिटेल और प्रोवोग के शेयरों में क्रमश: 4.7 प्रतिशत और 18.21 प्रतिशत की तेजी आई। पैंटालून रिटेल का शेयर 182.9 रुपये और प्रोवोग का शेयर 18.21 रुपये पर बंद हुआ। कूटॉन्स रिटेल्स, शॉपर्स स्टॉप और ब्रांडहाउस रिटेल में भी तेजी आई। ब्रोकरों ने कहा कि किराना कारोबार और घरेलू विमानन कंपनियों में विदेशी निवेश की अनुमति के बाद इन शेयरों की लिवाली हुई। गुरुवार को इनमें से कुछ शेयरों में गिरावट देखी गई थी। विमानन क्षेत्र में निवेश सरकार अनुमति रास्ते के जरिये होगा और संबंधित पक्षों को भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (सेबी) के नियमों का अनुपालन करना होगा।
इससे पहले किसी भी विदेशी विमानन कंपनी को भारतीय विमानन कंपनी में प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से निवेश की अनुमति नहीं थी। खुदरा क्षेत्र में प्रत्यक्ष विदेशी निवेश की अधिसूचना के तहत बहुराष्ट्रीय कंपनियां ओपन स्टोर में 51 प्रतिशत तक निवेश कर सकती हैं। अब तक करीब 10 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों ने सरकार के इस फैसले को लागू करने पर हामी भरी है। शुक्रवार को 30 शेयरों वाला बीएसई का संवेदी सूचकांक 2.2 प्रतिशत या 403.58 अंक की तेजी के साथ 18,752.83 के स्तर पर बंद हुआ।
|