| जोश भरी तेजी के साथ बाजार बंद | | बीएस संवाददाता / मुंबई September 21, 2012 | | | | |
सरकार के आर्थिक सुधार से जुड़े फैसले पर टिके रहने के संकेतों की वजह से बाजार में रौनक आई। दोपहर के कारोबार के दौरान बाजार में 3 फीसदी तक की तेजी देखने को मिली। निफ्टी 52 हफ्ते के उच्चतम स्तर पर पहुंच गया। सेंसेक्स 404 अंक चढ़कर 18,753 के स्तर पर और निफ्टी 137 अंक की तेजी के साथ 5,691 के स्तर पर बंद हुआ।
अन्य एशियाई बाजारों में भी तेजी देखने को मिली। जापान का निक्केई करीब 0.2 फीसदी की तेजी के साथ 23 अंक चढ़कर 9,110 के स्तर पर और हैंगसेंग करीब 0.6 फीसदी तेज होकर 20,734 के स्तर पर बंद हुआ। इसके अलावा ताईवान और शांघाई के बाजार भी तेजी के रुख के साथ बंद हुए। यूरोपीय बाजार भी तेजी के रुख के साथ खुले लेकिन एफटीएसई, सीएसी और डैक्स समेत तमाम यूरोपीय बाजारों में मामूली मजबूती दिख रही है। घरेलू बाजारों में आरईएल इन्फ्रा निफ्टी का टॉप गेनर रहा।
कंपनी के शेयरों में करीब 10 फीसदी की तेजी दर्ज की गई। इसके अलावा एक्सिस बैंक, सेल, बीएचईएल और जिंदल स्टील के शेयरों में भी 7.3 से 7.7 फीसदी की तेजी देखी गई। दूसरी ओर टीसीएस के शेयर में 1.1 फीसदी की गिरावट देखी गई। इसके अलावा डॉ रेड्डïीज लैबोरेटरीज, इन्फी और सिप्ला के शेयरों में गिरावट का रुख दर्ज किया गया।
सभी सेक्टोरल इंडिसेज में तेजी का रुख देखने को मिला। कैपिटल गुड्स इंडेक्स में सबसे अधिक 4 फीसदी की तेजी देखने को मिली। पावर, बैंकेक्स, मेटल, ऑयल ऐंड गैस और पीएसयू इंडेक्स में भी तेजी दर्ज की गई। सकारात्मक खबरों के आधार पर तेज कारोबार करने वाले शेयरों में एस्सार पोर्ट, सुजलॉन, जियोमेट्रिक लिमिटेड प्रमुख हैं। इसके अलावा रिटेल शेयरों में भी तेजी देखी गई।
|