| 24 सितंबर से होगी मॉनसून की वापसी | | बीएस संवाददाता / नई दिल्ली September 20, 2012 | | | | |
मौसम विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा है कि देर से सुधार के बाद दक्षिण पश्चिम मॉनसून देश के उत्तर-पश्चिम इलाके से 24 सितंबर से वापसी शुरू कर सकता है। इससे पहले भारतीय मौसम विभाग के अधिकारियों ने कहा था कि मॉनसून 15-20 सितंबर से वापसी शुरू कर सकता है, लेकिन मौसम संबंधी अनुकूल परिस्थितियों के चलते इसमें भी देरी हो रही है।
सामान्य तौर पर दक्षिण पश्चिम मॉनसून देश के उत्तर-पश्चिम इलाके से 1 सितंबर के आसपास वापसी शुरू करता है। हालांकि अरब सागर और बंगाल की खाड़ी में मजबूत हलचल के चलते इसमें देरी हो रही है। कुल मिलाकर बारिश अब सामान्य के मुकाबले महज 5 फीसदी कम रह गई है और इस तरह से जुलाई के आखिर में बारिश में 20 फीसदी की कमी के मुकाबले बड़ा सुधार हुआ है।
19 सितंबर को समाप्त हफ्ते में देश में सामान्य से 44 फीसदी ज्यादा बारिश हुई। मौसम विभाग के मुताबिक, अगर तीन शर्तें पूरी हो जाती हैं तो किसी खास इलाके से मॉनसून की वापसी मानी जाती है। पहला, लगातार पांच दिन तक बारिश का न होना या नमी की मात्रा में बड़ी गिरावट और क्षोभमंडल में एंटी-साइक्लोन की स्थापना। मौसम विभाग के अधिकारियों ने कहा कि मॉनसून सीजन के आखिर में देश में बारिश की स्थिति 22 जून को घोषित दूसरे पूर्वानुमान के आसपास ही रहेगी। विभाग ने कहा था कि देश भर में कुल बारिश लंबी अवधि के औसत की 96 फीसदी रहेगी, जो सामान्य है।
बारिश को तब सामान्य माना जाता है जब यह लंबी अवधि के औसत का 96-104 फीसदी हो। लंबी अवधि का औसत चार महीने की मॉनसून अवधि में देश में पिछले 50 साल की बारिश का औसत है।
|