| राजनीतिक उथल-पुथल से बाजार भी अस्थिर | | बीएस संवाददाता / मुंबई September 20, 2012 | | | | |
दुनिया भर के बाजारों से मिल रहे कमजोर संकेतों और देश में राजनीतिक अस्थिरता की वजह से घरेलू बाजार गिरावट के रुझान के साथ खुले। सेंसेक्स 200 अंक और निफ्टी 60 अंकों की गिरावट के साथ खुला। फिलहाल सेंसेक्स 99 अंक गिरकर 18,397 के स्तर पर और निफ्टी 35 अंक की गिरावट के साथ 5,565 के स्तर पर कारोबार कर रहा है।
वहीं अमेरिकी बाजारों में भी सुस्त रुझान देखा गया। डाउ जोंस 0.1 फीसदी की तेजी के साथ 13,578 के स्तर पर और एसऐंडपी 500 भी 0.1 फीसदी की तेजी के साथ 1,461 के स्तर पर बंद हुआ। इसके अलावा एशियाई बाजारों में भी गिरावट देखने को मिल रही है। जापान का निक्केई 1.2 फीसदी गिरकर 9,116 के स्तर पर और हैंगसेंग करीब 0.5 फीसदी की गिरावट के साथ 20,723 के स्तर पर कारोबार कर रहा है। वहीं दूसरी ओर ताईवान और शांघाई के बाजारों में भी 1 फीसदी की गिरावट देखने को मिल रही है।
घरेलू बाजारों में टीसीएस सेंसेक्स का टॉप गेनर है। कंपनी के शेयरों में करीब 1.3 फीसदी की तेजी है। वहीं आई-टी-सी, सन फार्मा, विप्रो और एन-टी-पी-सी के शेयरों में 0.8 फीसदी से 1.1 फीसदी की तेजी दर्ज की जा रही है। जबकि बी-एच-ई-एल के शेयरों में करीब 3 फीसदी की गिरावट देखने को मिल रही है। इसके अलावा हीरो मोटोकॉर्प, टाटा स्टील, एलऐंडटी, और एच-डी-एफ-सी के शेयरों में भी 1.5 फीसदी से 1.8 फीसदी की गिरावट दर्ज की जा रही है।
शुरुआती कारोबार में सभी सेक्टोरल इंडिसेज में मिला-जुला रुख देखने को मिल रहा है। आईटी इंडेक्स में सबसे अधिक करीब 1 फीसदी की तेजी है। इसके अलावा एफएमसीजी, टेक और हेल्थकेयर इंडिसेज भी तेजी के साथ कारोबार कर रहे हैं। वहीं रियल्टी, कैपिटल गुड्स और मेटल इंडेक्स में गिरावट देखी जा रही है।
|