| छोटे-मझोले उद्यमों की मदद करें सरकारी बैंक | | भाषा / नई दिल्ली September 18, 2012 | | | | |
वित्त मंत्री पी.चिदंबरम ने आज सरकारी बैंकों और रेटिंग एजेंसियों से बाजार से पूंजी जुटाने में लघु और मध्यम उद्यमों (एसएमई) की मदद करने को कहा। वह नैशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) में लघु एवं मध्यम उद्यमों के लिए बनाए गए विशेष एसएमई मंच 'इमर्ज' शुरू किए जाने के मौके पर बोल रहे थे।
फिलहाल बीएसई के एसएमई मंच में सात कंपनियां सूचीबद्ध हैं और एक कंपनी तेजो इंजीनियरिंग आज एनएसई के इस मंच से जुड़ी। वित्त मंत्री ने कहा कि पूंजी बाजार का फायदा उठाना एसएमई के लिए वृद्धि दर्ज करने का एक तरीका है। कुछ ऐसे उद्यमी हैं जो बाजार में आने को उत्सुक हैं।
उन्होंने कहा, 'छोटे वाणिज्यिक बैंकर, सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक और रेटिंग एजेंसी इन सबको थोड़ी ज्यादा कोशिश करनी होगी और कुछ और पहल करनी होगी ताकि भारी तादाद में लघु और मध्यम उपक्रमों को बाजार में लाने में मदद की जा सके।'
इससे पहले उन्हें बाजार में लाने की कोशिश असफल हो चुकी है। बैंक और अन्य इकाइयां आरंभिक सार्वजनिक पेशकश (आईपीओ) की गारंटी, वाणिज्यिक बैंकिंग सेवा और शेयर की खरीदारी कर छोटे एवं मझोले उपक्रमों की मदद कर सकते हैं। चिदंबरम ने कहा, 'बाजार में छोटे-मझोले उपक्रमों को लाना आसान नहीं है।' सेबी और अन्य नियामकों के नियम छोटे उद्यमियों को डरा रहे हैं।
|