| एनएसई ने शुरू किया 'एसएमई प्लेटफॉर्म' | | भाषा/ बीएस संवाददाता / नई दिल्ली September 18, 2012 | | | | |
नैशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) ने लघु एवं मझोले उद्यमों (एसएमई) के लिए अपने नए ट्रेडिंग प्लेटफार्म 'इमर्ज' का परिचालन शुरू कर दिया। इस नए ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म का उद्घाटन वित्त मंत्री पी. चिदंबरम और सेबी अध्यक्ष यू के सिन्हा ने किया। इस प्लेटफॉर्म पर सूचीबद्ध होने वाली पहली कंपनी तेजो इंजीनियरिंग बनी।
नए प्लेटफॉर्म का उद्घाटन करने के बाद एनएसई के प्रबंध निदेशक रवि नारायण ने कहा कि एक्सचेंज ने केवल अच्छी गुणवत्ता वाली कंपनियों को इस प्लेटफॉर्म पर लाने में काफी सावधानी बरती है। हालांकि, उन्होंने उन कंपनियों की वास्तविक संख्या बताने से इनकार किया जिनके इमर्ज प्लेटफॉर्म पर सूचीबद्ध होने की संभावना है।
इस दौरान, एनएसई की संयुक्त प्रबंध निदेशक चित्रा रामकृष्णन ने कहा, 'एनएसई इमर्ज प्लेटफार्म पर सूचीबद्ध होने की इच्छुक कंपनियों को सभी आवश्यक सुविधा उपलब्ध कराएगा।'
|