| सीमित दायरे के कारोबार के साथ बाजार बंद | | भाषा / मुंबई September 18, 2012 | | | | |
बाजार में निवेशकों के कम उत्साह की वजह से घरेलू बाजार में सीमित दायरे का कारोबार देखा गया। हालांकि मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में थोड़ी मजबूती दिखी। सेंसेक्स 46 अंक गिरकर 18,496 के स्तर पर और निफ्टी 10 अंक की गिरावट के साथ 5,600 के स्तर पर बंद हुआ।
एशियाई बाजार भी गिरावट के साथ बंद हुए। जापान का निक्केई 0.3 फीसदी गिरकर 9,124 के स्तर पर और हैंगसेंग 0.2 फीसदी की गिरावट के साथ 20,602 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं दूसरी ओर ताईवान वेटेड 0.3 फीसदी की गिरावट के साथ 7,734 के स्तर पर और शांघाई कंपोजिट में 0.9 फीसदी की गिरावट के साथ बंद हुआ। यूरोपीय बाजार भी मंद रुझान के संकेतों के साथ खुले। एफटीएसई, सीएसी और डैक्स जैसे तमाम यूरोपीय बाजार में 1.1 फीसदी से 0.7 फीसदी तक की गिरावट के रुझान दिख रहे हैं।
घरेलू बाजारों में पीएनबी निफ्टी का टॉप गेनर रहा। कंपनी के शेयरों में करीब 7.9 फीसदी की तेजी दिखी। बीएचईएल, एसबीआई, बैंक ऑफ बड़ौदा और गेल के शेयरों में भी 2.7 फीसदी से 5.2 फीसदी की तेजी का रुख देखने को मिला। जबकि केर्यन के शेयर में सबसे ज्यादा 3.8 फीसदी की तेजी देखने को मिली। इसके अलावा विप्रो, टीसीएस, हिंडाल्को इंडस्ट्रीज और आरआईएल के शेयरों में गिरावट का रुख रहा।
सेक्टोरल इंडिसेज में मिला-जुला रुख देखने को मिला। ऑयल ऐंड गैस में सबसे ज्यादा 1.2 फीसदी की गिरावट का रुख देखा गया। इसके अलावा आईटी, हेल्थकेयर और मेटल इंडेक्स में भी गिरावट का रुख देखने को मिला। हालांकि पीएसयू इंडेक्स में सबसे अधिक करीब 1.5 फीसदी की तेजी दर्ज की गई। सकारात्मक खबरों के आधार पर बीएचईएल, पावर शेयर, सिंटेक्स इंडस्ट्रीज के शेयरों में तेजी देखने को मिली।
|