| वैश्विक नकदी पर सुस्ती के बीच प्रबंधकों ने बढ़ाई सक्रियता | | जिंसी मैथ्यू / मुंबई September 16, 2012 | | | | |
पिछले सप्ताह काफी बदलाव देखने को मिला। निवेशक सतर्क रहे और उन्होंने अगस्त के मुद्रास्फीति आंकड़े की घोषणा (शुक्रवार) से पहले की 6 दिन की तेजी के बाद मुनाफावसूली पर जोर दिया। अमेरिकी फेडरल के नीतिगत निर्णय को लेकर भी निवेशक धारणा पर असर देखा गया है। नए पोर्टफोलियो सत्र के 6 में से 5 फंड प्रबंधक पिछले सप्ताह बाजार में सक्रिय बने रहे।
ए के प्रभाकर, आनंद राठी फाइनैंशियल
प्रभाकर ने आक्रामक शुरुआत के बाद पिछले सप्ताह के दौरान सिर्फ टाइटन इंडस्ट्रीज का शेयर खरीदा। हालांकि उन्होंने ताजा तेजी का लाभ उठाते हुए इंजीनियर्स इंडिया, एमओआईएल, गेटवे डिस्ट्रीपाक्र्स, जाइडस वेलनेस, स्पेशियलिटी रेस्टोरेंट्ïस, एचएसआईएल, टीसीएस, रैडिको खेतान और पेट्रोनेट एलएनजी में 3-18 फीसदी के दायरे में लाभ कमाया। दूसरी तरफ उन्हें रूरल इलेक्ट्रिफिकेशन कॉरपोरेशन और रैनबैक्सी लैबोरेटरीज की बिकवाली पर 1-2 फीसदी का नुकसान हुआ। प्रभाकर का मानना है कि कमजोर निर्माण की वजह से वित्त वर्ष 2013 के लिए आईआईपी का वृद्घि लक्ष्य 4.6 फीसदी के आसपास बना हुआ है। प्रभाकर का नेटवर्थ 3.14 फीसदी की बढ़त के साथ 10.31 लाख रुपये पर है।
किशोर ओस्तवाल, सीएनआई रिसर्च
ओस्तवाल ने अपने पोर्टफोलियो में अबान ऑफशोर और बॉम्बे डाइंग एंड मैन्युफैक्चरिंग कंपनी को शामिल किया। ओस्तवाल के अनुसार ताजा आईआईपी आंकड़ों से संकेत मिलता है कि भारतीय अर्थव्यवस्था लगातार कमजोर बनी हुई है जिससे आरबीआई द्वारा तुरंत दरों में कटौती की संभावना मजबूत हुई है। बाजार के मोर्चे पर, राहत पैकेज पर फेडरल के फैसले और आरबीआई की नीतिगत बैठक बाजार को किसी भी दिशा में मोडऩे के लिए प्रमुख कारक होंगे। फिलहाल ओस्तवाल के प्रमुख पांच शेयरों में सेंचुरी टेक्सटाइल्स ऐंड इंडस्ट्रीज, रिलायंस इंडस्ट्रीज, भारतीय स्टेट बैंक, बीएफ यूटीलिटीज और बॉम्बे डाइंग ऐंड मैन्युफैक्चरिंग कंपनी प्रमुख रूप से शामिल हैं। ओस्तवाल का नेटवर्थ 1.30 फीसदी की बढ़त के साथ 10.13 लाख रुपये पर है।
नवीन फर्नांडिस, सेंट्रम वेल्थ
फर्नांडिस ने समीक्षाधीन सप्ताह के दौरान आईटीसी, इंजीनियर्स इंडिया और टाइड वाटर ऑयल कंपनी (आई) को खरीदा। फर्नांडिस का मानना है कि जब तक दर चक्र में बदलाव नहीं आ जाता, तब तक आईआईपी आंकड़ों में बदलाव देखना मुश्किल होगा। बाजारों के संदर्भ में, फर्नांडिस को यूरोप में मौद्रिक विस्तार और अमेरिका में संभावित राहत पैकेज की उम्मीद दिख रही है जिससे मध्यावधि से दीर्घावधि में नकदी प्रवाह में तेजी आएगी। मौजूदा समय में उनके पांच प्रमुख शेयरों में बीएएसएफ इंडिया, आईटीसी, करूर वैश्य बैंक, पोलरिस फाइनैंशियल टेक्नोलॉजी और हिंदुस्तान जिंक शामिल हैं। फर्नांडिस का नेटवर्थ 3.16 फीसदी की तेजी के साथ 10.32 लाख रुपये पर है।
शार्दूल कुलकर्णी, ऐंजल ब्रोकिंग
कुलकर्णी ने अपने पोर्टफोलियो में वेंकीज (इंडिया), गोदरेज इंडस्ट्रीज, डेल्टा कॉर्प और आदित्य बिड़ला नूवो को शामिल किया। इसके साथ उनके पांच प्रमुख शेयर हैं गोदरेज इंडस्ट्रीज, श्री रेणुका शुगर्स, वेंकीज (इंडिया), डेल्टा कॉर्प और चंबल फर्टिलाइजर्स ऐंड केमिकल्स। कुलकर्णी का नेटवर्थ 3.24 फीसदी की बढ़त के साथ 10.32 लाख रुपये पर है।
सचिन शाह, एमके इन्वेस्टमेंट मैनेजर्स
शाह ने समीक्षाधीन सप्ताह के दौरान कोई सौदा नहीं किया। मौजूदा समय में उनके प्रमुख शेयरों में आईडीएफसी, एक्साइड इंडस्ट्रीज, आईसीआईसीआई बैंक, एस्ट्राजेनेका फार्मा इंडिया और जी एंटरटेनमेंट एंटरप्राइजेज शामिल हैं। शाह का मानना है कि बाजार का रुख वैश्विक तरलता को लेकर सुस्त दिख रहा है। ताजा सपाट आईआईपी आंकड़े से भी मंद परिदृश्य को बढ़ावा मिला है जिससे निवेश में कमी का संकेत मिलता है और कुल मिला कर विकास परिदृश्य पर इससे दबाव पड़ेगा। शाह का नेटवर्थ 0.55 फीसदी की तेजी के साथ 10.05 लाख रुपये पर है।
ताहिर बादशाह, मोतीलाल ओसवाल
बादशाह ने समीक्षाधीन सप्ताह के दौरान अपने पोर्टफोलियो में इजाफा शुरू किया। उनके प्रमुख शेयरों में एचडीएफसी, एचडीएफसी बैंक, कोटक महिंद्रा बैंक और भारतीय स्टेट बैंक जैसे कुछ बैंकिंग शेयर शामिल हैं। उन्होंने अपने पोर्टफोलियो में टाटा मोटर्स और मारुति सुजूकी इंडिया जैसे वाहन शेयर भी जोड़े हैं। रक्षात्मक रुख अपनाते हुए उन्होंने आईटीसी, डिवीज लैबोरेटरीज, वॉकहार्ट और शासुन फार्मास्युटिकल्स को खरीदा। उनकी अन्य खरीदारी में कमिंस इंडिया, यूनाइटेड स्पिरिट्ïस, पिडिलाइट इंडस्ट्रीज, कोलगेट-पामोलिव (इंडिया) और हिंदुस्तान जिंक शामिल रहे। बादशाह का मानना है कि बाजार में मौजूदा स्तर से 5-7 फीसदी की तेजी देखी जा सकती है। उनके पोर्टफोलियो में फिलहाल प्रमुख पांच शेयर हैं एचडीएफसी, एचडीएफसी बैंक, कोटक महिंद्रा बैंक, डिवीज लैबोरेटरीज और टाटा मोटर्स। बादशाह का नेटवर्थ 0.17 फीसदी की बढ़त के साथ 10.02 लाख रुपये पर है।
|