| डीजल महंगा: सैर सपाटा लगाएगा जेब पर तमाचा | | रामवीर सिंह गुर्जर / नई दिल्ली September 16, 2012 | | | | |
, 16 सितंबर
परिवार या दोस्तों के साथ दिल्ली दर्शन, ताजमहल, बुलंद दरवाजा या चंडीगढ़ शिमला जैसे शहर देखने की अगर आपकी तमन्ना है तो आपको जेब पहले से ज्यादा ढीली करनी पड़ सकती है। दरअसल डीजल महंगा होते ही सैर सपाटा कराने वाले टूर-ट्रैवल्स संचालकों ने डीजल वाहनों के पैकेज 10 फीसदी महंगे कर दिए हैं।
नई दिल्ली में यादव टैक्सी सर्विसेज चलाने वाले एस के यादव ने बताया कि इस उद्योग में आम तौर पर डीजल वाहन ही इस्तेमाल होते हैं और डीजल महंगा होने से लागत बढ़ गई है। इसीलिए पैकेज भी 10 फीसदी तक महंगे हो गए हैं। उन्होंने बताया कि दिल्ली से शिमला की 3 दिन की सैर के लिए पहले 10,000 रुपये लिए जाते थे, लेकिन अब 11,000 रुपये लिए जा रहे हैं।
एक अन्य टूर संचालक जगदीश ने बताया कि इनोवा के लिए पहले प्रति किलोमीटर 11 रुपये वसूले जाते थे, जो अब बढ़ाकर 12.50 रुपये कर दिए गए हैं। इसी तरह एयरकंडीशंड टाटा इंडिका के लिए अब 9 के बजाय 10 रुपये प्रति किलोमीटर किराया लिया जा रहा है। दिल्ली से बाहर ही नहीं भीतर भी सैर महंगी हो गई है। ऑपरेटरों के मुताबिक पहले 900 रुपये में टैक्सी शहर घुमा देती थी, लेकिन अब इसका किराया बढ़कर 950 से 1,000 रुपये हो गया है।
|