| 40,000 करोड़ रुपये निवेश करेगी नाल्को | | भाषा / नई दिल्ली August 16, 2012 | | | | |
प्रमुख एल्युमिनियम कंपनी नाल्को को विभिन्न नई तथा मौजूदा परियोजनाओं में लगभग 40,000 करोड़ रुपये खर्च करने की योजना है और वह ऊर्जा क्षेत्र में प्रवेश पर विशेष ध्यान केंद्रित करेगी। नाल्को के चेयरमैन बीएल बागड़ा ने यह जानकारी दी। उन्होंने कहा, 'कंपनी ने कई नई परियोजनाएं ली हैं। इसके तहत पश्चिमी ओड़ीशा में 16,000 करोड़ रुपये के निवेश से नई स्मेलटर इकाई लगाई जाएगी।'
यह परियोजना इस समय ओड़ीशा सरकार के यहां विचाराधीन है। इसके अलावा नाल्को ने भारतीय परमाणु उूर्जा निगम लिमिटेड (एनपीसीआईएल) के साथ मिल कर संयुक्त उद्यम बनाया है। यह उद्यम देश में परमाणु बिजलीघर लगाएगा। इस संयुक्त उद्यम के तहत दोनों सहयोगी कंपनियों ने गुजरात में काकरापार परमाणु बिजली केंद्र में तीसरी व चौथी इकाई में निवेश का निर्णय किया है।
ये दोनों इकाइयां 700-700 मेगावॉट की होगी है और इन पर लगभग 11,500 करोड़ रुपये की लागत आने का अनुमान है। कंपनी की गुजरात में एल्युमिना रिफाइनरी भी लगाने की योजना है जिसमें वह 4,500 करोड़ रुपये निवेश करेगी और इसकी क्षमता 10 लाख टन सालाना होगी। इसके अलावा कंपनी की आंध्रप्रदेश में भी 14 लाख टन सालाना क्षमता की एल्युमिना रिफाइनरी लगाने की योजना है। इस दिशा में कुछ काम किया जा रहा है।
|