| एचसीएल इन्फो को बड़ा ठेका | | बीएस संवाददाता / बेंगलूर August 10, 2012 | | | | |
आईटी हार्डवेयर और सिस्टम इंटीग्रेशन कंपनी एचसीएल इन्फोसिस्टम्स को भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (यूआईडीएआई) से प्रबंधित सेवा प्रदाता (एमएसपी) का ठेका मिला है, जो घरेलू बाजार के बड़े आईटी आउटसोर्सिंग अनुबंधों में से एक है।
कंपनी ने भले ही इस सौदे के आकार का खुलासा नहीं किया, लेकिन उद्योग के सूत्रों का कहना है कि कंपनी ने भारत की सबसे बड़ी आईटी सेवा कंपनी टीसीएस को पछाडऩे के लिए 2,200 करोड़ रुपये की दर का उल्लेख किया था।
यूआईडीएआई के डीडीजी (प्रौद्योगिकी) बी बी नानावती ने कहा, 'एचसीएल इन्फोसिस्टम्स को एमएसपी का ठेका देने के साथ ही यूआईडीएआई कार्यक्षमता को बढ़ाने और प्रत्येक भारतीय को विशिष्ट पहचान (यूआईडी) संख्या उपलब्ध कराने का लक्ष्य हासिल करने की ओर देख रही है।'
यूआईडीएआई ने लगभग दो साल पहले इस ठेके लिए निविदा प्रक्रिया की शुरुआत की थी। निविदा प्रक्रिया में टीसीएस, ऐक्सेंचर, महिंद्रा सत्यम और विप्रो सहित 9 कंपनियों ने भाग लिया था, लेकिन इनमें से सिर्फ दो ही तकनीक चरण तक पहुंच सकी थीं। सबसे कम बोली लगाने वाली एचसीएल इन्फोसिस्टम्स लेटर ऑफ इंटेंट देने के साथ ही 7 अगस्त को ठेके पर हस्ताक्षर कर दिए गए।
प्रबंधित सेवा प्रदाता के तौर पर एचसीएल इन्फो आईटी डाटा रिपॉजिटरी (सीआईडीआर) तैयार करने के साथ ही यूआर्ईडीएआई के समूचे तकनीक ढांचे का प्रबंधन करेगी, जिसके तहत वर्ष 2014 तक 60 करोड़ यूआईडी कार्ड जारी किए जाएंगे। कंपनी आईटी इन्फ्रास्ट्रक्चर की खरीद और उसकी स्थापना, सूचना सुरक्षा प्रबंधन प्रणाली और परिचालन सहयोग व रखरखाव के लिए भी जिम्मेदार होगी। ठेके में तकनीक हेल्पडेस्क, सहायक सेवाओं और डाटाबेस की भी जरूरत पड़ेगी।
एचसीएल इन्फोसिस्टम्स के ईवीपी ए पी एस बेदी ने कहा, 'परियोजना के एमएसपी के रूप में हम निर्धारित जिम्मेदारियों को निभाने के लिए प्रतिबद्ध हैं,
जिसमें व्यापक तौर पर यूआईडीएआई के लिए सेंट्रल आईडी रिपॉजिटरी का क्रियान्वयन और प्रबंधन शामिल है। हम राष्ट्र निर्माण की इस योजना का हिस्सा बनाने के लिए यूआईडीएआई को धन्यवाद देना चाहेंगे।'
सात साल का यह ठेका मिलने से एचसीएल को खासा फायदा होने का अनुमान है, जो नोकिया से मिलने वाली आमदनी में गिरावट के कारण पिछली दो तिमाहियों से काफी दबाव में दिख रही थी। कंपनी ने भारत में हैंडसेटों के वितरण के लिए नोकिया से विशेष साझेदारी करार कर रखा था। कंपनी पिछली दो तिमाहियों से कंप्यूटर हार्डवेयर कारोबार में भी तमाम चुनौतियों का सामना कर रही है।
शुक्रवार को बंबई स्टॉक एक्सचेंज में एचसीएल इन्फोसिस्टम का शेयर 5.32 फीसदी की तेजी के साथ 40.60 रुपये पर बंद हुआ।
|