| मुकाबले की तैयारी में जेएलआर | | स्वराज बग्गोणकर / मुंबई August 03, 2012 | | | | |
टाटा मोटर्स के स्वामित्व वाली जगुआर लैंड रोवर ने भारत की शीर्ष लक्जरी कार कंपनी बनने की दौड़ में नई पेशकश और स्थानीय अनुसंधान एवं विकास सहित कई पहल करने की योजना बनाई है ताकि बीएमडब्ल्यू, ऑडी और मर्सिडीज जैसी जर्मन प्रतिस्पर्धियों से मुकाबला किया जा सके। ब्रिटेन के दो लक्जरी ब्रांड हासिल करने वाली मुंबई की कंपनी जल्द ही नई लक्जरी सैलून, स्पोट्ïर्स कार और प्रतिस्पर्धी कीमत पर महंगी एसयूवी पेश करने जा रही है।
कंपनी ब्रिटेन स्थित अपने सभी अनुसंधान एवं विकास (आरऐंडडी) केंद्रों को भारत जैसी किफायती जगहों पर स्थापित करना चाहती है। रेनो, जनरल मोटर्स और सुजूकी जैसी कंपनियां भारत में अपने अनुसंधान एवं विकास केंद्र की स्थापना पहले ही कर चुकी हैं। इन केंद्रों की स्थापना न केवल स्थानीय परिचालन के लिए की गई हैं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय उत्पाद विकास योजनाओं को भी ध्यान में रखा गया है। इस प्रकार भारत में स्थापित अनुसंधान केंद्र की जिम्मेदारी अगली पीढ़ी के व्हीकल्स की डिजाइन तैयार करने की भी होगी। साथ ही, यहां जगुआर और लैंड रोवर के लिए उत्पाद विकास गतिविधियों का भी संचालन होगा। इन दोनों ब्रांडों के लिए लगभग एक-तिहाई उपकरणों की आपूर्ति भारत और चीन पहले से ही कर रहे हैं।
जगुआर के तहत अगले साल एक्सजे अल्टीमेट और दो सीटों वाली स्पोट्ïर्स कार एफ टाइप को पेश किया जाएगा। ये दोनों कार बर्मिंघम स्थित कैसल ब्रॉमविच संयंत्र से आयातित होंगी। लैंड रोवर और रेंज रोवर के तहत नए मॉडल लाने की भी तैयारी चल रही है। इन वाहनों की नई पीढ़ी वाले मॉडलों में ईंधन किफायती छोटे इंजन लगाए जाएंगे और इसमें मूल कंपनी टाटा मोटर्स प्रमुख भूमिका अदा करेगी।
जेएलआर की वार्षिक रिपोर्ट में कहा गया है, 'कंपनी ने टाटा मोटर्स के साथ अपने संबंधों से लाभ उठाने की योजना बनाई है। दोनों कंपनियां साथ मिलकर अनुसंधान व उत्पादन विकास, आपूर्ति सोर्सिंग, विनिर्माण व एसेम्बली और अन्य महत्त्वपूर्ण गतिविधियों को संचालित कर सकती हैं जिसमें छोटी ओर ईंधन किफायती डीजल और पेट्रोल इंजन का विकास शामिल है।' जर्मन प्रतिस्पर्धियों की तुलना में भारत में जेएलआर की उपस्थिति काफी कम है। जून तिमाही में दोनों ब्रांडों की संयुक्त बिक्री 514 वाहनों की रही है, जबकि इस दौरान बीएमडब्ल्यू ने 2,088 वाहनों की और ऑडी ने 1,908 वाहनों की बिक्री की।
|