| बिजली व्यवस्था होगी दुरुस्त | | बीएस संवाददाता / पटना August 03, 2012 | | | | |
बिहार सरकार ने अब अपनी बिजली उत्पादन और आपूर्ति व्यवस्था को दुरुस्त करने का फैसला लिया है। राज्य सरकार के मुताबिक 2014-15 तक उसके बरौनी स्थित निर्माणाधीन बिजलीघर से उत्पादन शुरू हो जाएगा। वहीं, बिहार सरकार ने इस वित्त वर्ष के अंत तक राज्य में सभी उपभोक्ताओं के घरों में मीटर लगाने का भी फैसला लिया है।
राज्य के ऊर्जा मंत्री विजेंद्र यादव ने शुक्रवार को विधानसभा में कहा, 'हम बरौनी में 500 मेगावॉट की क्षमता का एक बिजलीघर स्थापित कर रहे हैं, जिसमें 250-250 मेगावॉट की दो इकाइयां लगाई जाएंगी। हालांकि, इस बिजलीघर के निर्माण कार्य में थोड़ी देरी हो रही है, लेकिन हमें उम्मीद है यह 2014-15 तक बनकर तैयार हो जाएगा।' इस बिजलीघर के निर्माण के लिए राज्य सरकार ने 2006 में ही अपनी मंजूरी दे दी थी। इसके बाबत बिहार सरकार ने बीएचईएल के साथ समझौता भी किया है।
हालांकि, केंद्र सरकार से कोल लिंकेज नहीं मिल पाने की वजह से इसके निर्माण कार्य में देरी हो रही थी। बीते महीने केंद्र सरकार ने इसके लिए कोल लिंकेज राज्य सरकार को दे दिया था। इस बिजलीघर का निर्माण राज्य सरकार एशियन डेवलपमेंट बैंक (एडीबी) और विश्व बैंक की मदद से कर रही है। दूसरी तरफ, राज्य सरकार ने अब अपने वितरण घाटे को कम करने का भी लक्ष्य रखा है। इसके लिए राज्य सरकार ने सभी उपभोक्ताओं के घरों में मीटर लगाने का फैसला लिया है। यादव ने विधानसभा में स्वीकार किया कि बिहार में इस समय 11 लाख से ज्यादा उपभोक्ता बिना मीटर लगाए घरों में बिजली का इस्तेमाल कर रहे हैं। हालांकि, उन्होंने भरोसा दिलाया कि इस वित्त वर्ष के आखिर तक सभी घरेलू उपभोक्ताओं के घरों में मीटर लगा दिए जाएंगे। उन्होंने कहा, 'हम इस बारे में पूरी कोशिश कर रहे हैं। मार्च, 2013 तक राज्य में सभी उपभोक्ताओं के घरों में मीटर लगाने का काम पूरा कर लिया जाएगा।'
|