| गिरावट के साथ खत्म हुआ कारोबार | | बीएस संवाददाता / मुंबई August 03, 2012 | | | | |
यूरोपीय बाजारों की तेजी के चलते घरेलू बाजार निचले स्तरों से उबरते हुए दिखाई दिए। बाजार मामूली गिरावट के साथ बंद हुए। बाजार में करीब 0.3 फीसदी की गिरावट देखने को मिली। सेंसेक्स 26 अंक गिरकर 17,198 के स्तर पर और निफ्टी 12 अंक की गिरावट के साथ 5,216 के स्तर पर बंद हुआ।
इसके अलावा एशियाई बाजारों में भी गिरावट देखने को मिली। जापान का निक्केई करीब 1 फीसदी गिरकर 8,555 के स्तर पर और हैंगसेंग करीब 0.1 फीसदी की गिरावट के साथ 19,666 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं दूसरी ओर ताईवान और शांघाई के बाजारों में भी मिलाजुला रुख देखने को मिला। यूरोपीय बाजारों की शुरुआत तेजी के साथ हुई। सीएसी, डैक्स और एफटीएसई सहित सभी प्रमुख यूरोपीय बाजारों में तेजी देखने को मिल रही है।
घरेलू बाजारों में एशियन पेंट्स निफ्टी का टॉप गेनर है। कंपनी के शेयरों में करीब 3 फीसदी की तेजी रही। विप्रो, एनटीपीसी, ओएनजीसी और गेलशेयरों में भी तेजी का रुख देखने को मिला। जबकि स्टरलाइट इंडस्ट्रीज के शेयरों में करीब 3 फीसदी की गिरावट है। जिंदल स्टील, टाटा स्टील, आईडीएफसी और जेपी एसोसिएट्स में भी गिरावट का रुख है। मेटल इंडेक्स में सबसे अधिक करीब 2 फीसदी की गिरावट रही।
इसके अलावा बैंकेक्स, रियल्टी और ऑटो इंडिसेज भी गिरावट के साथ बंद हुए। आईटी, ऑयल ऐंड गैस, हेल्थकेयर इंडिसेज में तेजी का रुख देखने को मिला। सकारात्मक खबरों के आधार पर तेज कारोबार करने वाले शेयरों में बजाज कॉर्प, रैनबैक्सी, ओरेकल फाइनैंशियल सर्विसेज, जेट एयरवेज और ग्लेनमार्क फार्मा प्रमुख हैं।
|