| आर्थिक नरमी से ट्रकों की बिक्री घटी | | भाषा / नई दिल्ली August 03, 2012 | | | | |
बाजार में आर्थिक नरमी के माहौल का असर परिवहन क्षेत्र पर भी पडऩे लगा है। ट्रकों की बिक्री में तेज गिरावट यह संकेत देती है। भारी छूट व आसान फाइनेंस स्कीमों के बावजूद जुलाई में ट्रकों की बिक्री में 17.42 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई।
इंडियन फाउंडेशन आफ ट्रांसपोर्ट रिसर्च एंड ट्रेनिंग (आईएफटीआरटी) द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक, 5 टन से 49 टन के वर्ग जुलाई, 2012 में ट्रकों की बिक्री 17.42 फीसदी घटकर केवल 22,004 इकाइयों की रही, जबकि बीते साल जुलाई में 26,660 इकाइयों की बिक्री दर्ज की गई थी। आईएफटीआरटी के मुताबिक, ज्यादातर ट्रक विनिर्माताओं ने डीलरों के पास ट्रकों के स्टॉक जमा होने के मद्देनजर जुलाई, 2012 के दौरान अपना उत्पादन सीमित रखा।
भारी वाणिज्यिक वाहनों पर डेढ लाख से ढाई लाख रुपये तक की भारी छूट और आसान शर्तों पर वित्तीय सुविधा के बावजूद डीलरों के लिए स्टॉक खाली करना मुश्किल हो रहा है। संस्थान ने कहा कि 2008-09 में आर्थिक मंदी का सामना कर चुके ट्रक आपरेटर बेड़े का विस्तार करने में सतर्कता अपना रहे हैं क्योंकि सभी ट्रक मार्गों पर लदान की बुकिंग सुस्त बनी हुई है।
आंकड़ों के मुताबिक, बीते माह हल्के वाणिज्यिक वाहनों (5 से 7.5 टन) की बिक्री 15 फीसदी घटकर 3,226 इकाइयों पर आ गई जो जुलाई, 2011 में 3,795 इकाइयों की थी। इसी तरह, 8 से 14 टन की क्षमता वर्ग में जुलाई, 2012 में वाहनों की बिक्री 10.24 प्रतिशत घटकर 4,577 इकाइयों पर आ गई, जबकि 15 से 16.2 टन क्षमता वर्ग में वाहनों की बिक्री 15.31 प्रतिशत घटकर 4,019 इकाइयों की रही।
मल्टी एक्सेल वाहनों (25.2 टन से 31 टन क्षमता) की बिक्री जुलाई, 2012 में 21.65 प्रतिशत घटकर 8,379 इकाइयों पर आ गई जो जुलाई, 2011 में 10,695 इकाइयों की थी।
|