| फंड प्रबंधकों का रक्षात्मक सौदों पर जोर | | जिंसी मैथ्यू / July 29, 2012 | | | | |
बीते हफ्ते जुलाई वायदा एवं विकल्प (एफऐंडओ) एक्सपायरी में उतार चढ़ाव देखने को मिला। निफ्टी गिरकर 200 डीएमए स्तर से नीचे पहुंच गया। आरबीआई पैनल ने ऋण पुनर्संरचना के लिए सख्त नियमों की पेशकश की और इस वजह से बैंकिंग शेयरों को सबसे अधिक नुकसान उठाना पड़ा। बाजार की संवेदनाओं पर सुस्ताते वैश्विक विकास और गहराते यूरो जोन ऋण संकट का असर नजर आया। स्मार्ट पोर्टफोलियो के चौथे सत्र के चार में से तीन फंड प्रबंधक 20 जुलाई से 27 जुलाई की अवधि के बीच सक्रिय नजर आए। प्रबंधकों का मानना है कि आने वाले हफ्तों में आरबीआई क्या कदम उठाता है और नीतियों को लेकर सरकार क्या कदम उठाती है, इस पर बाजार निर्भर करेगा। तब तक रक्षात्मक सौदे ही बढिय़ा विकल्प हैं।
सचिन शाह, एमके इन्वेस्टमेंट मैनेजर्स
पिछले हफ्ते शाह ने दो सौदे किए और दोनों ही बिकवाली के रहे। उन्होंने अदाणी एंटरप्राइजेज और जीएमआर इन्फ्रास्ट्रक्चर में अपने सौदे निपटाए। भारतीय स्टेट बैंक, हैवेल्स इंडिया, हीरो मोटोकॉर्प, हैथवे केबल ऐंड डाटाकॉम और एस्सार ऑयल में उन्होंने सबसे अधिक निवेश कर रखा है। शाह का नेटवर्थ 8.15 फीसदी घटकर 9.18 लाख रुपये रह गया है।
रिकेश पारिख, मोतीलाल ओसवाल
समीक्षाधीन अवधि में पारिख ने कई सौदे किए। उन्होंने डॉ रेड्डीज लैबोरेटरीज और जेएसडब्लू एनर्जी के शेयर खरीदे। वहीं दूसरी ओर उन्होंने आईसीआईसीआई बैंक, आईटीसी, जयप्रकाश एसोसिएट्स, आईसीआईसीआई बैंक और केयर्न इंडिया में सौदे निपटाए। बाजार फिलहाल सीमित दायरे में कारोबार कर रहा है और ऐसे में फार्मा और एफ एमसीजी जैसे रक्षात्मक क्षेत्रों को सबसे अधिक पसंद किया जा रहा है। अगर आरबीआई की अगली बैठक में दरों में 25 आधार अंकों से अधिक की कटौती की जाती है तो पारिख दरों के प्रति संवेदनशील क्षेत्र जैसे बैंकिंग, रियल एस्टेट आदि में निवेश करना चाहेंगे। पारिख का नेटवर्थ 1.41 फीसदी बढ़कर 10.14 लाख रुपये हो गया।
आशिष मित्तल, सेंट्रम वेल्थ
पिछले हफ्ते मित्तल बाजार से दूर रहे। फिलहाल उनका सर्वाधिक निवेश बामर लॉरी ऐंड कंपनी, करूर वैश्य बैंक, टाइड वॉटर ऑयल कॉरपोरेशन, यूनिकेम लैबोरेटरीज और केयर्न इंडिया में है। उनका मानना है कि अगर सरकार सुधार के मोर्चे पर कोई मजबूत कदम नहीं उठाती है तो बाजार में कमजोरी देखने को मिलेगी। साथ ही ऐसे माहौल में आरबीआई भी मौद्रिक नरमी से कतरा सकता है। मित्तल का नेटवर्थ 3.3 फीसदी ऊपर 10.33 लाख रुपये है।
एलेक्स मैथ्यूज, जियोजित बीएनपी पारिबा
मैथ्यूज ने समीक्षाधीन अवधि के दौरान 5 सौदे किए। उन्होंने सीएमसी को अपने पोर्टफोलियो में शामिल किया जबकि ऐप्टेक, टाइटन इंडस्ट्रीज, हिंडाल्को इंडस्ट्रीज और ब्रिटानिया इंडस्ट्रीज में सौदे निपटाए। मैथ्यूज का नेटवर्थ 7.30 फीसदी घटकर 9.27 लाख रुपये रह गया है।
|