| पीएनबी का शुद्ध मुनाफा बढ़ा | | भाषा / नई दिल्ली/मुंबई July 27, 2012 | | | | |
व्यापक शाखा और एटीएम नेटवर्क के साथ साथ बेहतर ब्याज मार्जिन की बदौलत सार्वजनिक क्षेत्र के अग्रणी बैंक पंजाब नैशनल बैंक (पीएनबी) ने चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही में 1246 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ अर्जित किया है जो पिछले वर्ष की इसी अवधि के मुकाबले 12.7 प्रतिशत अधिक है। पिछले साल बैंक का मुनाफा 1105 करोड़ रुपये रहा था। इस दौरान बैंक की सकल आय 24.6 प्रतिशत बढ़कर 11,711 करोड़ रुपये रही।
तिमाही के दौरान सकल ब्याज आय में 26.8 प्रतिशत वृद्धि दर्ज की गई जबकि शुद्ध ब्याज आय 18.6 प्रतिशत बढ़कर 3695 करोड़ रुपये हो गई। इस दौरान बैंक की जमा रकम में 18.9 प्रतिशत और ऋण राशि में 21.2 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। तिमाही के दौरान बैंक का शुद्ध ब्याज मार्जिन 3.6 प्रतिशत के साथ अच्छा रहा। हालांकि, इस दौरान कर्ज में फंसी राशि में नए खातों के आने से सकल गैर-निष्पादित परिसंपत्तियां 3.34 प्रतिशत तक पहुंच गई जबकि शुद्ध गैर-निष्पादित परिसंपत्तियां 1.68 प्रतिशत रही।
बीओआई को मुनाफा
बैंक आफ इंडिया (बीओआई) का शुद्ध मुनाफा चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही में 71 प्रतिशत बढ़कर 887.45 करोड़ रुपये हो गया। इससे पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में बैंक ने 517.53 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ कमाया था। तिमाही के दौरान बैंक की कुल आय बढ़कर 8,550.03 करोड़ रुपये हो गई, जो इससे पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में 7,293.68 करोड़ रुपये थी।
यूबीआई को भी मुनाफा
यूनियन बैंक ऑफ इंडिया ने जून में समाप्त तिमाही में 10 प्रतिशत अधिक शुद्ध मुनाफा हासिल किया है। बैंक का मुनाफा बढ़कर 512 करोड़ रुपये पर पहुंच गया जो इससे पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में 464.42 करोड़ रुपये रहा था। आलोच्य अवधि के दौरान उसकी कुल आय बढ़कर 6,561.10 करोड़ रुपये हो गई जो इससे पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में 5,399.68 करोड़ रुपये रही थी।
सेंट्रल बैंक को मुनाफा
सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया का मुनाफा 2012-13 की पहली तिमाही में एक साल पहले की तुलना में 20 प्रतिशत बढ़कर 335.95 करोड़ रुपये हो गया। बैंक ने 2011-12 की पहली तिमाही के दौरान 280.78 करोड़ रुपये का मुनाफा कमाया था। आलोच्य तिमाही के दौरान बैंक की आय 5,624.97 करोड़ रुपये रही जो पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि में 4,840.14 करोड़ रुपये थी।
देना बैंक को लाभ
देना बैंक ने वित्त वर्ष की पहली तिमाही में 239 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ कमाया है, जो इससे पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही से 42 प्रतिशत अधिक है। एक साल पहले यह 168.09 करोड़ रुपये रहा था। तिमाही के दौरान बैंक की कुल आय बढ़कर 2,278.85 करोड़ रुपये हो गई।
|