| फिर दिख रहे हैं बाजार में गिरावट के आसार | | रेक्स कैनो / July 22, 2012 | | | | |
बाजार लगातार दूसरे सप्ताह कमजोरी के साथ बंद हुए। सेंसेक्स में 280 अंकों के दायरे में उतार-चढ़ाव देखा गया। बीएसई के इस सूचकांक ने पिछले सप्ताह 17,039 का निचला स्तर और 17,319 का ऊंचा स्तर बनाया और आखिर में पूरे सप्ताह के संदर्भ में 55 अंक की कमजोरी के साथ 17,158 अंक पर बंद हुआ।
सेंसेक्स के शेयरों में टाटा मोटर्स 5 फीसदी गिर कर 223 रुपये पर आ गया। गिरावट वाले अन्य शेयरों में मारुति सुजूकी, डॉ. रेड्डीज, टाटा स्टील, महिंद्रा ऐंड महिंद्रा, एनटीपीसी, टीसीएस और एसबीआई प्रमुख रूप से शामिल रहे। दूसरी तरफ दोपहिया दिग्गज बजाज ऑटो का शेयर 6 फीसदी से भी अधिक की बढ़त के साथ 1591 रुपये पर पहुंच गया। तेजी वाले अन्य शेयरों में भारती एयरटेल, कोल इंडिया, एचडीएफसी और स्टरलाइट प्रमुख रूप से शामिल रहे।
मासिक फिबोनाची चार्ट के अनुसार सेंसेक्स ने बिकवाली का संकेत दिया है जिसका मतलब है कि इस सूचकांक के 17,039 के ताजा निचले स्तर से नीचे जाने की संभावना है। इससे नीचे फिसलने पर यह सूचकांक 16,780-16,580-16,375 तक जा सकता है। वहीं तेजी की स्थिति में सेंसेक्स को 17,430 पर प्रतिरोध का सामना करना पड़ सकता है।
एनएसई के निफ्टी में 90 अंकों का उतार-चढ़ाव देखा गया। इस सूचकांक ने 5169 का निचला स्तर और 5258 का ऊंचा स्तर छुआ और आखिर में 22 अंकों के नुकसान के साथ 5205 पर बंद हुआ।
कमजोरी के बावजूद एनएसई का यह सूचकांक अपने 20-डब्ल्यूएमए (वीकली मूविंग एवरेज) से ऊपर बने रहने में कामयाब रहा। 20-डब्ल्यूएमए 5165 पर है। 20-डब्ल्यूएमए के टूटने पर यह सूचकांक 5085 के स्तर पर अपने 50-डब्ल्यूएमए की ओर बढ़ सकता है।
एमएसीडी (मूविंग एवरेज कन्वर्जेंस/डाइवर्जेंस) और स्टोचैस्टिक स्लो जैसे कुछ साप्ताहिक गति संकेतक भी खरीदारी के मोड में बने हुए हैं, हालांकि इनमें सुस्ती बरकरार रहने की उम्मीद है। दूसरी तरफ दैनिक चार्टों पर एमएसीडी और स्टोचैस्टिक स्लो दोनों ही बिकवाली की स्थिति में हैं, इसलिए आप सप्ताह की शुरुआत में कुछ बिकवाली दबाव देख सकते हैं।
साप्ताहिक चार्टों के अनुसार निफ्टी को 5250-5285 के दायरे में प्रतिरोध का सामना करना पड़ सकता है। वहीं गिरावट की स्थिति में इस सूचकांक को 5090 के स्तर के आसपास समर्थन मिल सकता है और इस स्तर से फिसलने पर इसमें भारी बिकवाली देखी जा सकती है।
|