| मारुति का मानेसर कारखाना दूसरे दिन भी बंद | | भाषा / गुडग़ांव July 20, 2012 | | | | |
मारुति सुजुकी इंडिया का कारखाना आज दूसरे दिन भी बंद रहेगा। बुधवार को हिंसक घटना के बाद से कारखाना बंद है। इस घटना में कंपनी के एक वरिष्ठ अधिकारी की मौत हो गई तथा कई अन्य जख्मी हो गए थे। कंपनी के प्रवक्ता ने कहा, 'कारखाना आज भी बंद रहेगा।'
मारुति सुजुकी वर्कर्स यूनियन (एमएसडब्ल्यू) के नेताओं से फिलहाल संपर्क नहीं हो पाया है। इससे यह पता नहीं चल पाया है कि उनकी भविष्य की रणनीति क्या है। हालांकि कर्मचारियों से जुड़े एक सूत्र ने कहा कि उनमें से कई गिरफ्तारी के भय से अपने घरों से अलग रह रहे हैं।
एक कर्मचारी ने कहा, 'अभी यह कहना मुश्किल है कि हम क्या करेंगे। हम अपने यूनियन नेताओं से भी संपर्क नहीं कर पा रहे हैं।Ó कंपनी ने कल कहा था कि वह हिंसा और आगजनी से हुए नुकसान का आकलन कर रही है।
यह स्पष्ट है कि कार्यालय परिसर को इस तरीके से नुकसान पहुंचाया गया है जिसे उसे ठीक करना मुश्किल है। इसमें कंपनी का मुख्य गेट, सुरक्षा कार्यालय और अग्नि सुरक्षा खंड शामिल हैं। कंपनी ने कहा था, 'हम जल्दी ही कारखाने में कामकाज शुरू करने के संबंध में अगले कदम की घोषणा करेंगे।'
|